‘लेखपाल-कानूनगो-तहसीलदार सबको सस्पेंड करो’, CM योगी ने क्यों कहा?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमीन और राजस्व विवादों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है.मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने दबंगों पर रास्ता रोकने और धमकी देने का आरोप लगाया. शिकायत सुनकर सीएम योगी ने अधिकारियों को महिला को हर हाल में रास्ता दिलाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अगर लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार रास्ता दिलाने में खुद को असमर्थ मानते हैं तो तीनों को निलंबित किया जाए.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमीन विवादों के मामलों में लापरवाही बरतने वाले राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी है. मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने दबंगों द्वारा रास्ता नहीं दिए जाने की शिकायत की. महिला ने बताया कि दबंग उसे धमकी देते हैं कि चाहे जहां शिकायत कर लो, रास्ता नहीं देंगे. शिकायत सुनते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि महिला को हर हाल में रास्ता दिलाया जाए. उन्होंने कहा कि अगर लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार खुद को रास्ता दिलाने में लाचार मानते हैं तो तीनों को सस्पेंड किया जाए.
जमीन विवादों में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि जमीन संबंधी मामलों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जहां भी राजस्व अधिकारियों या कर्मचारियों की उदासीनता सामने आए, वहां संबंधित के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए.
सीएम योगी ने कहा कि प्रकरण की गंभीरता के आधार पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के निलंबन की कार्रवाई भी की जाए. उन्होंने साफ किया कि पीड़ित लोगों को अपनी जमीन, रास्ते या अन्य राजस्व संबंधी मामलों के लिए अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए.
जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मिले CM योगी
सोमवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री करीब 200 लोगों से मिले और उनकी समस्याएं सुनीं. मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे. उन्होंने फरियादियों के प्रार्थना पत्र अपने हाथ में लेकर उनकी शिकायतों को देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है. सरकार हर जरूरतमंद और पीड़ित व्यक्ति के साथ खड़ी है.
कई लोगों ने की जमीन से जुड़ी शिकायत
जनता दर्शन में अन्य लोगों ने भी जमीन और राजस्व से जुड़े मामलों में अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से लापरवाही किए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री से की. इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी ने संबंधित जिलाधिकारियों को मामलों की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि राजस्व मामलों में सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि पीड़ित को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए. किसी व्यक्ति को दबंगों के दबाव में रास्ता, जमीन या अन्य अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता.
इलाज के लिए पहुंचे लोगों को भी मदद का भरोसा
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर भी पहुंचे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे लोगों को सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र और जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं. सीएम ने कहा कि आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा मिलने के बाद भी यदि किसी व्यक्ति को अतिरिक्त सहायता की जरूरत पड़ती है तो विवेकाधीन कोष से मदद उपलब्ध कराई जाएगी.
अधिकारियों को सीएम का साफ संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश से साफ है कि भूमि विवादों और राजस्व मामलों में लापरवाही को लेकर सरकार अब सख्त रुख अपना रही है. खासकर ऐसे मामलों में, जहां दबंगई या प्रशासनिक उदासीनता के कारण आम लोगों को अपने अधिकारों से वंचित होना पड़ रहा है, वहां जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई का संदेश दिया गया है. सीएम योगी ने कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही कतई क्षम्य नहीं है.
