गोरखपुर का ये इलाका बनेगा इंडस्ट्रियल हब, CM योगी बोले- विदेशी भी आकर करेंगे चाकरी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 के पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि धुरियापार में इंडियन ऑयल का CNG प्लांट लगेगा. अब हम यहां ग्रेटर गीडा बनाने जा रहे हैं. अभी से हजारों करोड़ रुपये के प्रस्ताव आ गए हैं, जिन्हें हमें उद्योग के रूप में स्थापित करना है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के चिल्लूपार में शनिवार को 295 करोड़ से अधिक की 319 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि यह धरा मां सरयू के आंचल में है. यहां के नौजवानों ने हर जगह अपनी प्रतिभा और परिश्रम का लोहा मनवाया है. पहले यहां पलायन होता था, अब यहीं रोजगार के अवसर मिलेंगे.
सीएम योगी ने कहा कि अब विदेश के लोगों को चिल्लूपार में काम करने का अवसर देने जा रहे हैं. विदेशी लोग यहां आकर चाकरी करेंगे. 2017 के पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि धुरियापार में इंडियन ऑयल CNG प्लांट लगेगा या सहजनवां का गीडा आ पाएगा. अब हम यहां ग्रेटर गीडा बनाने जा रहे हैं. अभी से हजारों करोड़ रुपये के प्रस्ताव आ गए हैं.
अब यहां के नौजवान को यहीं रोजगार मिलेगा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हम लोगों ने धुरियापार में बंद पड़ी चीनी मिल की खाली जमीन पर सीएनजी का प्लांट लगवाया. अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण दुनिया में संकट है, लेकिन सीएनजी-एथेनॉल के कारण हमारे यहां काम बंद नहीं हुआ. ऊर्जा में आत्मनिर्भर अमेरिका में भी महंगाई चार गुना तक बढ़कर हो गई है. लेकिन भारत में यह महंगाई नियंत्रित है.
उन्होंने कहा कि एक समय बाढ़ की त्रासदी और कनेक्टिविटी के अभाव में क्षेत्र के लोग पलायन करते थे. आजीविका के लिए विदेश जाना पड़ता था, लेकिन अब यहां के नौजवान को यहीं रोजगार मिलेगा. सीमेंट की फैक्ट्री धुरियापार में लगने जा रही है. पावर प्लांट, पेंट और अत्याधुनिक डिस्टलरी भी स्थापित होगी, जहां मॉडर्न मेडिसिन, एलोपैथिक दवा भी बनेगी.
सपा ने होमियोपैथिक कॉलेज का काम रोका था
सीएम ने कहा कि विधायक राजेश त्रिपाठी जितने भी प्रस्ताव देंगे, सरकार उन्हें स्वीकृत करेगी. राजेश त्रिपाठी ने यहां होमियोपैथिक कॉलेज स्वीकृत कराया था, उस समय काम बढ़ा, लेकिन सपा सरकार ने आते ही काम रोक दिया. उस समय चुने गए लोगों ने कान में तेल डालकर इसे अनसुना कर दिया था. आज चिल्लूपार ट्रेडिशनल मेडिसिन का नया केंद्र बन रहा है.
उन्होंने ने बताया कि मैंने जलशक्ति मंत्री से कहा है कि बाढ़ बचाव के लिए जो भी प्रस्ताव आएंगे, उन समस्याओं का समाधान होना चाहिए. प्रगति होगी तो नौजवान को पलायन नहीं करना पड़ेगा. उन्हें अपने क्षेत्र में नौकरी और रोजगार मिलेगा. गीडा यहीं आ रहा है, यहां के नागरिकों के लिए रोजगार के ढेर सारे अवसर बढ़ेंगे. नौजवानों को बाहर नहीं जाना होगा.
अच्छे लोग चुनकर गए, तभी अच्छी सरकारें आईं
सीएम योगी ने कहा कि हम विकास, सुरक्षा, आस्था का सम्मान करेंगे और इसे नई ऊंचाई की ओर लेकर जाएंगे. हम यहां ऐसे संस्थान खोलेंगे, जहां उद्योग के लिए युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा और उद्योग में नौकरी भी मिलेगी. हम यहीं प्रशिक्षित युवाओं और बेटियों को नौकरी उपलब्ध कराएंगे. जब अच्छी सरकारें होंगी और सुरक्षा-सुशासन का माहौल होगा.
उन्होंने कहा कि जब अच्छे लोग चुनकर गए, तभी अच्छी सरकारें आईं और अयोध्या में राम मंदिर बना. रामजानकी मार्ग का निर्माण हो रहा है. काशी विश्वनाथ धाम, गोरखपुर में फर्टिलाइजर व एम्स का निर्माण पूरा हो गया है. चिल्लूपार, बड़हलगंज में मेडिकल कॉलेज, धुरियापार में ग्रेटर गीडा का निर्माण कर विकास की गति बढ़ाई गई.
