गोरखपुर में हैवान बना सिपाही! 10 साल की बच्ची का अपहरण कर हत्या, नदी से मिला शव

गोरखपुर में खाकी को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. जहां डायल-112 के सिपाही ने 10 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर निर्मम हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही उसकी निशानदेही पर नदी से शव बरामद किया. आरोपी सिपाही पर NSA और बर्खास्तगी की तैयारी है.

डायल 112 सिपाही ने गोरखपुर में 10 साल की बच्ची की हत्या की

गोरखपुर में 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने डायल-112 में तैनात एक सिपाही को गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर गुरुवार को बच्ची का शव नदी से बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी सिपाही अभिषेक यादव गाजीपुर का रहने वाला है. वह पहले भी दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है.

जानकारी के मुताबिक, बच्ची का परिवार पिछले चार सालों से गोरखपुर में किराये के मकान में रह रहा है. उसके पिता ई-रिक्शा चलाते हैं. 28 जुलाई को बच्ची अपनी बड़ी बहन के लिए जिला अस्पताल खाना देने गई थी. रात करीब 10 बजे अस्पताल से निकलने के बाद वह घर नहीं पहुंची. काफी तलाश के बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी.

CCTV ने खोला हत्या का राज, शव नदी में मिला

जांच के दौरान, पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में बच्ची अस्पताल से पैदल निकलती दिखाई दी, जबकि उसके पीछे बाइक पर एक पुलिसकर्मी जाता नजर आया. कुछ देर बाद वही सिपाही बच्ची को बाइक पर बैठाकर ले जाता दिखाई दिया. इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने बच्ची की हत्या कर शव नदी में फेंकने की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर चिऊटहा पुल के पास से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जांच में बच्ची के विरोध करने के बाद घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.

आरोपी सिपाही पर NSA और बर्खास्तगी की तैयारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमे की पैरवी, आरोपी की बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू करने और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बाकी सब चीजें स्पष्ट हो जाएगी.

Follow Us