BF से बात करने से रोका तो टंकी पर चढ़ी छात्रा, 20 मिनट हवा में लटकी रही
गोरखपुर में प्रेमी से बात करने से मना करने पर एक 9वीं की छात्रा 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई. मां की डांट से नाराज़ छात्रा ने कूदने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे बचा लिया. इस दौरान छात्रा 20 मिनट तक हवा में लटकी रही.
गोरखपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. मां के डांटने से नाराज 9वीं की छात्रा ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसे देखकर आसपास के लोगों की सांसें थम गईं. मां ने छात्रा को उसके बॉयफ्रेंड से फोन पर बात करने से रोका था, इससे नाराज हो होकर छात्रा करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई. यही नहीं, उसने नीचे छलांग भी लगा दी, लेकिन गनीमत रही की एक महिला दरोगा ने समय पर उसका हाथ थाम लिया. इस दौरान छात्रा करीब 20 मिनट तक हवा में ही लटकती रही.
पूरा मामला रविवार को एम्स थाना क्षेत्र की महादेव झारखंडी आवास विकास कॉलोनी का है. छात्रा के टंकी पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने भी उसे समझाकर नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन छात्रा अपनी जिद पर अड़ी रही. वह तीन घंटे तक पानी की टंकी पर रेलिंग से पैर लटका कर बैठी रही.
कूदने लगी तो महिला दरोगा ने ऐसे बचाया
लोगों के समझाने के बाद भी छात्रा नीचे उतारने को तैयार नहीं हुई. इसके बाद सूचना पर एम्स थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. छात्रा को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिसकर्मियों ने काफी कोशिश की. जब वह नहीं मानी तो महिला दरोगा जागृति खरवार ने जोखिम उठाते हुए खुद पानी की टंकी पर चढ़ने का फैसला किया.
महिला दरोगा ने छात्रा से बातचीत शुरू की और उसे अपनी बातों में उलझाकर शांत करने की कोशिश की. धीरे-धीरे वह छात्रा के करीब पहुंचीं और उसके हाथ, कपड़े पकड़ लिए. इतने में छात्रा ने नीचे कूदने का प्रयास किया. लेकिन जाबाज़ महिला दरोगा के मजबूत हाथों से छात्रा छूट नहीं पाई. इसी दोरान छात्रा लगभग 20 मिनट तक हवा में लटकी रही.
इस बीच अन्य पुलिस कर्मी भी पानी के टंकी पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद छात्रा को सुरक्षित ऊपर खींच लिया गया. इस तरह महिला दरोगा जागृति खरवार की सूझबूझ और बहादुरी से छात्रा की जान बच गई. वही, इस खौफनाक घटना और महिला दरोगा की दिखाई गई हिम्मत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
तीन घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
बताया गया कि छात्रा दोपहर करीब एक बजे पानी की टंकी पर चढ़ी थी. वह अपनी मां से नाराज थी, क्योंकि मां ने उसे फोन पर बॉयफ्रेंड से बात करने से मना किया था. रविवार को मां की ओर से लड़के से बात करने पर मना करने से नाराज होकर उसने यह जानलेवा कदम उठा लिया. इस दौरान करीब तीन घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा.
