गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से बदलेगी तस्वीर, धुरियापार में बनेगा नया इंडस्ट्रियल टाउनशिप, जल्द शुरू होगा ज़मीन आवंटन

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी पूरी होते ही दक्षिणांचल में औद्योगिक विकास की तैयारी तेज हो गई है. गोरखपुर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी गीडा, जल्द ही धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप में जमीनों का आवंटन शुरू करने वाली है. इसके चलते बड़ी कंपनियां यहां निवेश के लिए अपनी दिलचस्पी दिखा रही है. निवेश आने से इस इलाके का बड़े पैमाने पर विकास देखने को मिलेगा.

गोरखपुर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी Image Credit:

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी पूरी होने के बाद दक्षिणांचल में औद्योगिक विकास की रफ्तार तेज होने वाली है. गोरखपुर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी गीडा, अब धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप में इंडस्ट्रीज के लिए जमीन आवंटन करने की तैयारी में है. योगी सरकार ने इस टाउनशिप के मास्टर प्लान को लेकर अपनी मंजूरी दे दी है.

गीडा की सीईओ अनुज मलिक के मुताबिक शुरुआती फेज़ में दो इंडस्ट्रियल सेक्टरों में जमीनों का आवंटित किया जाएगा. इसके लिए भूमि अधिग्रहण और आवंटन की प्रक्रिया साथ-साथ की जाएगी. इसे लेकर अब तक करीब 600 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है. इस पूरे प्लान के तहत कुल 17 गांवों को इसमें जोड़ा गया है.

बदलेगी तस्वीर

धुरियापार का इलाका गोरखपुर के पिछड़े इलाके के तौर पर जाना जाता है, लेकिन अब यहां पर इंडस्ट्रियल टाउनशिप के विकास से ये इलाका पूर्वांचल के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्रों में शुमार हो जाएगा. गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के नजदीक होने के कारण यह क्षेत्र निवेशकों को आकर्षित कर रहा है. इसे लेकर कई बड़ी कंपनियों ने अपनी दिलचस्पी दिखाई है. जानकारों का मानना है कि निवेश आने से इस इलाके में लोकल लेवल पर हजारों लोगों को रोजगार मिलने वाला है.

सरकार दे रही ध्यान

प्रदेश की योगी सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा लगातार काम कर रही है. बेहतर कनेक्टिविटी के चलते बीते कुछ सालों में गोरखपुर में निवेश बढ़ रहा है. गीडा पहले से ही कई औद्योगिक क्षेत्रों में जमीनों के आवंटन काम को आगे बढ़ा रहा है. अब दक्षिणांचल के विकास को लेकर एक नई शुरुआत हो रही है.

ये कंपनियां कर रहीं निवेश

सूत्रों के मुताबिक अडानी ग्रुप यहां ACC ब्रांड सीमेंट फैक्ट्री के लिए जमीन खरीदने को लेकर अपनी दिलचस्पी दिखा रहा है. वहीं श्री सीमेंट और बिस्लेरी जैसी कंपनियों ने भी टाउनशिप में निवेश की इच्छा जताई है. एक्सप्रेसवे की वजह से कंपनियों को परिवहन और आपूर्ति की बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे उनके लिए यहां निवेश करना फायदेमंद साबित होगा.

Follow Us