सिद्धि हासिल करना चाहती थी मां… बेटी को बनाया दुल्हन, फिर कुल्हाड़ी से काट दी गरदन; दिल दहला देगी खौफनाक दास्तां

गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक सौतेली मां ने सिद्धियों के लालच में अपनी 3 साल की बेटी की मानव बलि दे दी. तांत्रिक के इशारे पर आरोपी मां ने बच्ची को देवी के रूप में सजाया और कुल्हाड़ी से एक बार में गर्दन काट दी. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक दिल दहलाने वाली दास्ता सामने आई है. यहां एक मां ने सिद्धियों के लालच में अपनी ही बेटी की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी. आरोपी महिला ने पहले तीन साल की बेटी को तेल, सिंदूर लगाकर देवी के रूप में तैयार किया और घर में पूजा स्थान के सामने ले जाकर कुल्हाड़ी के एक ही वार में गर्दन अलग कर दी. मामला गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में इमलिया (विजहरा) गांव का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला को अरेस्ट करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक मामला मानव बलि का है. पुलिस के मुताबिक इमलिया गांव में रहने वाले त्रिवेणी मौर्य की पहली बीवी का देहांत हो चुका है. घर में उनकी तीन साल की बेटी थी, जिसकी देखभाल के लिए त्रिवेणी ने पिछले दिनों दूसरी शादी कर ली. आरोप है कि दूसरी पत्नी शादी के पहले से ही किसी तांत्रिक के संपर्क में थी. शादी के एक महीने के अंदर ही उसने तांत्रिक के इशारे पर मानव बलि देने का फैसला किया और अपनी सौतेली बेटी की हत्या कर दी.

देवी के रूप में तैयार कर की पूजा

स्थानीय लोगों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि आरोपी महिला सौतेली बेटी को पहले नहला धुलाकर देवी के रूप में तैयार किया. इसके बाद उसे तेल और सिंदूर लगाकर दुल्हन जैसा बनाया और फिर उसकी पूजा भी की. इसके बाद उसने पास में रखी कुल्हाड़ी से एक झटके में गर्दन धड़ से अलग कर दिया. मासूम बच्ची की चीख सुनकर घर में सो रहे पिता दौड़कर पहुंचे और पूजा घर का मंजर देखकर उनकी रूह कांप गई. उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी महिला घर से भागने लगी.

पड़ोसियों ने बुलाई पुलिस

इतने में शोर शराबा सुनकर घर के बाहर पड़ोसी भी आ गए. इन पड़ोसियों ने लपककर इस महिला को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला को अरेस्ट करते हुए बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस के मुताबिक मामले की हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है.