दुबई से कमाकर 2 साल बाद घर लौटा पति, पत्नी ने कहा- तुम्हारे साथ नहीं, अब अनूप संग रहूंगी
गोरखपुर में एक शादीशुदा युवक दुबई कमाने गया था. अब वह दो साल बाद वापस लौटा है. इस दौरान पत्नी के बारे में ऐसा राज पता चला कि उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. पत्नी किसी अन्य युवक से प्यार करने लगी. साथ ही वह अब पति संग नहीं अपने प्रेमी संग रहना चाहती है.
गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र के एक युवक ने अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का आरोप लगाया है. वह पिछले दो साल से दुबई में रहकर नौकरी कर रहा था. घर पर उसकी पत्नी, बेटे, सास और ससुर के साथ रहती थी. पति का आरोप है कि इसी दौरान उसकी पत्नी की बरेली के एक युवक से नजदीकियां बढ़ गईं. 2 महीने पहले युवक दुबई से घर लौटा है, इस दौरान पत्नी ने पति से साफ कह दिया कि अब वह उसके साथ नहीं रहेगी. वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है. जब पति ने इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी. पति ने इस मामले में कैंट थाने में तहरीर दी है.
पति ने तहरीर में पत्नी पर लगाए ये आरोप
एक युवक ने गोरखपुर के कैंट थाने में तहरीर दी है कि 16 साल पहले उसका निकाह हुआ था. उसकी पत्नी से उसे एक बेटा भी है. परिवार काफी खुशी से चल रहा था. लेकिन परिवार के भरण-पोषण और बेटे की पढ़ाई के लिए वह साल 2024 में नौकरी के सिलसिले में दुबई चला गया. युवक ने बताया कि विदेश में रहने के दौरान अपनी कमाई को पत्नी के खाते में भेजता रहा, ताकि घर और माता-पिता की देखभाल होती रहे. वह करीब 2 महीने पहले घर लौटा है. इस दौरान उसने अपनी पत्नी के व्यवहार में बदलाव देखा.
पति ने कहा- जान के मारने की दी गई धमकी
युवक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी देर रात तक फोन पर किसी से बात करती है. शक होने पर उसने पत्नी से जब पूछताछ की तो पता चला कि वह अनूप नाम के एक युवक से बात करती है. उसी के साथ रहना चाहती है. उसने जब इसका विरोध किया और कहा कि इससे उसका परिवार टूट जाएगा तो अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे कॉल आने लगे. कॉल पर उसे चेतावनी दी गई कि पत्नी को परेशान किया तो जान से मार दिया जाएगा. धमकी से डरे युवक ने गोरखपुर के कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई है. इस मामले में कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि युवक की तहरीर के आधार पत्नी और बरेली निवासी अनूप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
