गुरुकुल और वैदिक सिटी…. गोरखपुर में पूरा होगा अपने घर का सपना, यहां बसेगा नया शहर
सीएम योगी की पहल पर गोरखपुर में 'न्यू गोरखपुर' के तहत 'गुरुकुल सिटी' और 'वैदिक सिटी' बसाई जा रही है. जीडीए द्वारा 25 गांवों से करीब 6000 एकड़ जमीन अधिग्रहण कर लोगों के अपने घर का सपना पूरा किया जाएगा. यह योजना शहरवासियों को आधुनिक लाइफस्टाइल व स्वस्थ वातावरण देगी, जिसमें नक्षत्र वाटिका और वैदिक ज्ञान केंद्र जैसे आकर्षण होंगे.
नोएडा-गाजियाबाद की ही तर्ज पर अब CM सिटी गोरखपुर में भी अपने घर का सपना जल्द पूरा हो सकेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने गोरखपुर में प्रस्तावित नए शहर की परिकल्पना पर काम शुरू कर दिया है. इस कवायद में खासतौर पर न्यू गोरखपुर, गुरुकुल सिटी और वैदिक सिटी बसाई जानी है. इसके लिए 25 गांवों की करीब 6000 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होना है.
योजना शहर में रहने वालों को शानदार लाइफ स्टाइल देने का है. इसके लिए स्वस्थ, साफ-सुथरा माहौल भी देना होगा. इसी योजना के तहत गोरापुर विकास प्राधिकरण ने गुरुकुल सिटी, वैदिक सिटी और ताल रिंग रोड समेत कई प्रोजेक्ट तैयार किए हैं. इसी क्रम में गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने सोमवार को भूमि अर्जन विभाग केअधिकारियों के साथ मीटिंग की और इन योजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण की समीक्षा की.
सहमति से होगा अधिग्रहण
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को साफ तौर पर निर्देशित करते हुए कहा कि इन योजना में किसी तरह का विवाद नहीं होना चाहिए. इसके लिए किसानों से संवाद हो और उन्हें अधिकतम कीमत पर भूमि का अधिग्रहण होना चाहिए. उन्होंने इस दौरान अन्य परियोजनाओं की प्रगति और भूमि अधिग्रहण की भी समीक्षा की. प्राधिकरण उपाध्यक्ष के मुताबिक नया गोरखपुर के तहत गुरुकुल सिटी परियोजना मानीराम, रहमतनगर, बलापार और बैजनाथपुर को डवलप किया जा रहा है. यहां मानीराम में 66.92 हेक्टेयर में से 40.80 हेक्टेयर, बलापार में 68.70 हेक्टेयर में से 40.56 हेक्टेयर और रहमतनगर में 17.44 हेक्टेयर में से 9.59 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है.
इन योजनाओं पर भी हुई चर्चा
प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने इस मौके पर बैजनाथपुर की भी समीखा की. इस योजना के लिए 176.75 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होना है, लेकिन अभी तक केवल 2.15 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण हो सका है. इसी प्रकार करीब 251.89 हेक्टेयर में कोनी, माड़ापार और तकिया-मेदिनीपुर गांव में वैदिक सिटी डवलप होनी है. इस योजना में नक्षत्र वाटिका, वैदिक ज्ञान केंद्र, स्थानीय हस्तशिल्प जोन और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित होनी है. इन योजनाओं के लिए कुसम्ही, रुद्रपुर, भैंसहा, अराजी मतौनी और अराजी बसदीला गांवों में भी भूमि अधिग्रहण किया जाना है.
