DJ पर झगड़ा, मुर्गे की टांग पर बवाल… एक की मौत पर शादी में पसरा मातम

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक शादी समारोह खूनी संघर्ष में बदल गया. डीजे पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद चिकन परोसने के दौरान मुर्गे की टांग गिरने से भयानक रूप ले गया. दोनों पक्षों में लाठी-पत्थर चले, जिसमें एक युवक की मौत हो गई. पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक तीन महीने पहले ही शादीशुदा था.

गोरखपुर में शादी में बवाल Image Credit:

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित एक शादी समारोह में खूब बवाल हुआ. पहले दो गुटों में टकराव डीजे पर नाचने के लिए हुआ. जैसे तैसे मामला शांत हुआ तो दोनों पक्ष खाने की टेबल पर लड़ बैठे. इसी दौरान चिकन परोसने वाला आया और इस धक्का मुक्की में मुर्गे की टांग उछलकर एक युवक के कपड़े पर गिर गई. इसके बाद इन दोनों पक्षों के बीच हो रही कहासुनी मारपीट में बदल गई. देखते ही देखते दोनों पक्ष एक दूसरे पर ईंट पत्थर और लाठी डंडे बरसाने लगे. इस दौरान गंभीर चोट लगने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई.

सूचना मिलने पर हरकत में आई गोरखपुर पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए अरेस्ट कर लिया है. मामला गोरखपुर में शाहपुर के बिछिया स्थित बघेल मैरिज हॉल में शुक्रवार की रात का है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.पुलिस के मुताबिक इस बवाल में छह लोग घायल हो गए हैं. इन सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

वायरल हो रहा वीडियो

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में दोनों पक्ष एक दूसरे पर ईंट पत्थर और लाठी डंडे से हमला करते नजर आ रहे हैं. सूचना मिलने पर मौके पर गोरखपुर के एसएसपी डॉक्टर कौस्तुभ खुद मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की. पुलिस के मुताबिक शाहपुर इलाके में आवास विकास कॉलोनी स्थित मलिन बस्ती में रहने वाले और नगर निगम के सफाई कर्मचारी समीर कुमार की बारात शुक्रवार को निकली थी.

डीजे पर नाचने के लिए हुआ था झगड़ा

बारात जंगल तुलसीराम बिछिया सिंहासनपुर निवासी जितेंद्र कुमार की बेटी के घर पहुंची थी. इस दौरान डीजे की धुन पर नाचने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई. हालांकि बारात में शामिल लोगों ने जैसे तैसे बीच बचाव किया. फिर खाने की टेबल पर दोनों पक्षों में गाली गलौज और धक्का मुक्की होने लगी. इसी धक्का मुक्की में चिकन परोसने आए व्यक्ति की बॉल्टी में से मुर्गे की टांग उछलकर पास में ही बैठे एक युवक के कपड़े पर गिर गई. इसके बाद शादी समारोह रणक्षेत्र बन गया.

तीन महीने पहले ही हुई थी शादी

इस मारपीट में एक युवक की मौत हो गई. जिसकी पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है. उसकी शादी अभी तीन महीने पहले ही हुई थी. बारात में जाने से पहले सुमित ने अपनी पत्नी रानी को भरोसा दिया था कि वह रात 12 बजे तक वापस लौट आएगा, लेकिन अगले दिन सुबह उसकी लाश ही वापस लौटी. सुमित की मां रेलवे में सफाईकर्मी हैं. एसपी सिटी निमिष पाटिल के मुताबिक आरोपियों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है.

Follow Us