15 लाख ऐंठे, और पैसे नहीं दे पाई तो होटलों में भेजकर… कानपुर में शातिर सहेली ने 3 साल तक ऐसे दिया टॉर्चर

कानपुर में एक युवती को लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था. उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी. युवती से 3 साल में तकरीबन 15 लाख रुपये वसूल लिए गए. उसे जबर्दस्ती देह व्यापार में भी धकेला गया. अब इस मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया. युवती की सहेली ही असली ब्लैकमेलर निकली है.

कानपुर में सहेली ने युवती को किया ब्लैकमेल (प्रतीकात्मक तस्वीर)

कानपुर में साइबर ब्लैकमेलिंग का हैरान करने वाला मामला सामने आया. यहां के कल्याणपुर में एक युवती को उसकी करीबी सहेली 3 साल से अधिक समय से ब्लैकमेल कर रही थी. इस दौरान युवती से सहेली ने 15 लाख रुपये ठगे. आरोपी ने न केवल पीड़िता के निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी, बल्कि पैसे खत्म होने पर उसे जबरन देह व्यापार में भी धकेल दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके प्रेमी और अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है.

पीड़िता को 2023 से आ रहे थे अजीम से मैसेज

पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने कुछ दिन पहले कल्याणपुर थाने में इस मामले को लेकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए जब जांच की तो पता चला साल 2023 से युवती को फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से लगातार मैसेज आ रहे थे. इन मैसेज में उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो शेयर करने की धमकी दी जा रही थी. शुरुआत में पीड़िता ने इन धमकियों को अनदेखा किया, लेकिन आरोपियों ने उसकी कुछ गोपनीय जानकारियां बताकर उसे डराया. इससे युवती को संदेह हुआ कि उसके मोबाइल को हैक कर लिया गया है.

पहले छोटी, फिर बड़ी रकम की गई मांग

ब्लैकमेलर ने पहले छोटी-छोटी रकम जैसे 100, 200 या 300 रुपये मांगे. इसे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराए गए. धीरे-धीरे ब्लैकमेलर की मांग बढ़ती गई और पीड़िता ने परिवार से छिपाकर पैसे जुटाए. जब उसके पास नकदी खत्म हो गई, तो उसने अपनी मां के गहने बेचकर भी रकम चुकाई. आरोपियों ने पैसे न मिलने पर पीड़िता को विभिन्न होटलों में भेजकर जबरन देह व्यापार करवाया और उससे पैसे वसूलते रहे. इस दौरान पीड़िता मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थी.

पुलिस ने आरोपियों को ऐसे पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए कल्याणपुर पुलिस ने साइबर क्राइम ब्रांच को जांच सौंपी. डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि तकनीकी जांच में इंस्टाग्राम आईडी, बैंक खातों और आईपी एड्रेस की ट्रेसिंग से मुख्य आरोपी की पहचान हुई, जो पीड़िता की पक्की सहेली श्रद्धा कटियार निकली. श्रद्धा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर चार अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से यह साजिश रची थी. पुलिस ने श्रद्धा को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है. उसके कानपुर निवासी प्रेमी और अन्य संभावित साथियों की तलाश की जा रही है. पुलिस के मुताबिक इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं.