शायरी, आंसू और 36 टैबलेट्स… रूठी गर्लफ्रेंड को मनाने के चलते फंसा युवक, घर पर 10 मिनट में पहुंची पुलिस

आगरा में एक युवक ने अपनी रूठी हुई महिला मित्र को मनाने के चक्कर में फंस गया. गर्लफ्रेंड को मनाने के लिए उसने सुसाइड करने का फर्जी वीडियो बनाया और इंस्टा पर अपलोड कर दिया. 'मेटा' के कंटेंट एल्गोरिदम ने इसे 'सेल्फ हार्म' (आत्म-क्षति) की श्रेणी में डालकर पुलिस को अलर्ट जारी कर दिया. सिर्फ 10 मिनट के अंदर पुलिस युवक घर पहुंच गई.

रील बनाता युवक ( एआई फोटो)

आगरा में एक युवक ने अपनी रूठी हुई प्रेमिका को वापस पाने के लिए कुछ ऐसा कर डाला उसके घर के दरवाजे पर पुलिस पहुंच गई. दरअसल, एत्माद्दौला क्षेत्र के अब्बास नगर में रहने वाले 20 वर्षीय साहिल की अपनी महिला मित्र से किसी बात पर कहा सुनी हो गई. उसे मनाने के लिए साहिल ने सुसाइड करने का फर्जी नाटक रचा. उसके इस नाटक से प्रेमिका का दिल पिघलने से पहले आगरा पुलिस ने उसके दरवाजे पर दस्तक दे दी.

पुलिस के मुताबिक वीडियो में साहिल 18-18 गोलियों की दो स्ट्रिप से दवाइयां निकालकर एक साथ खाता हुआ दिख रहा था. एक्टिंग जोरदार लगे इसके लिए उसने बैकग्राउंड में दर्द भरी शायरी भी लगा रखी थी- उसके दिए जख्म मैं अभी से सिलना चाहता हूं… उसकी तस्वीर से मन नहीं भरता यार, अब मैं मरना चाहता हूं.

साहिल ने वीडियो अपलोड कर दिया. उसे लगा यह केवल उसकी प्रेमिका तक पहुंचेगा. लेकिन उसे इस बात का इल्म नहीं था कि सोशल मीडिया अब एआई की सख्त निगरानी है. वीडियो अपलोड होते ही’मेटा’ के कंटेंट एल्गोरिदम ने इसे ‘सेल्फ हार्म’ (आत्म-क्षति) की श्रेणी में डालकर पुलिस को अलर्ट जारी कर दिया. मेटा से सूचना मिलते ही आगरा पुलिस एक्टिव हुई और लोकेशन ट्रैक कर महज 10 मिनट में साहिल के घर पहुंच गई.

आगरा पुलिस जब साहिल के घर पहुंची तो वह चैन की नींद सो रहा था. उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके घर के दरवाजे पर पुलिस पहुंच चुकी है. पुलिस की पूछताछ में साहिल ने बताया कि ह मरना नहीं चाहता था, बल्कि अपनी महिला मित्र को डराना चाहता था. उसने नींद की गोलियां नहीं, बल्कि एंटी-एलर्जिक (खुजली की दवा) गोलियां खाई थीं.

साहिल सफाई देते हुए कहा कि वीडियो को एडिट कर रहा था. लेकिन खराब नेटवर्क की वजह से वीडियो पब्लिश हो गया. बता दें साहिल पेशे से मैकेनिक है और सिर्फ हाईस्कूल तक पढ़ा है. वह फिल्मों और रील कल्चर से प्रभावित बताया जाता है. पुलिस ने इस मामले में उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया है.