ग्रेटर नोएडा में आवारा कुत्तों का आतंक, पूर्व रक्षा अधिकारी को 13 जगह काटा; सोसाइटी में आक्रोश
ग्रेटर नोएडा की अजनारा पनोरमा सोसाइटी में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है. हाल ही में, रक्षा मंत्रालय के पूर्व अधिकारी पर एक कुत्ते ने हमला कर 13 जगह काट लिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद से सोसाइटी में हड़कंप मचा है, निवासी यमुना प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं.
ग्रेटर नोएडा की दनकौर कोतवाली क्षेत्र की एक सोसायटी में आवारा कुत्ते के हमले से हड़कंप मच गया. रक्षा मंत्रालय के पूर्व अधिकारी पर कुत्ते ने शुक्रवार सुबह अचानक हमला कर दिया. इस दौरान उनके शरीर पर कई जगह कुत्ते ने काट लिया जिससे वह घायल हो गए. आनन फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक, दनकौर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अजनारा पनोरमा सोसाइटी में रहने वाले डॉक्टर दीर्घ नारायण जो 1977 बैच के सिविल सेवा अधिकारी रहे हैं और करीब 27 साल तक रक्षा मंत्रालय में सेवा दे चुके हैं. वह अपनी पत्नी के साथ समिति परिसर में सुबह टहल रहे थे, इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ता उन पर झपट पड़ा और हमला कर दिया.
लगातार काटता रहा कुत्ता 13 जगह लगे घाव
डॉ नारायण ने बताया कि उन्हें खुद को बचाने की कोशिश की लेकिन कुत्ता लगातार उन पर हमला करता रहा. इस बीच उनकी पत्नी ने भी कुत्ते को भगाने की कोशिश की लेकिन कुत्ता बुरी तरह से उन पर झपट पड़ा. शोर मचाने के के बाद आसपास के लोग इकट्ठा हुए तब जाकर कुत्ते को वहां से भगाया गया. पूर्व अधिकारी को नफ अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
डॉक्टर के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है लेकिन शरीर पर 13 जगह गहरी जख्म होने के कारण निगरानी की जरूरत है. वही समिति के निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में लगातार आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है. लंबे समय से सोसाइटी में आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है, शिकायत की जा चुकी है लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
आवारा कुत्तों को हटाकर शेल्टर होम भेजा जाए
निवासियों का आरोप है कि यमुना प्राधिकरण से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया. लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और उन्हें सेंटर होम भेजने की प्रक्रिया प्रभावी तरीके से लागू नहीं हो रही है. सोसाइटी के लोगों ने मांग की है कि इन आवारा कुत्तों को सोसायटी से हटाकर शेल्टर होम भेजा जाए.
