मदरसे के नाम पर वसूली, PAK भेज रहा था रकम; ATS के हत्थे चढ़ा जैश का आतंकी
उत्तर प्रदेश के हापुड़ से ATS ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मोहम्मद जफर को गिरफ्तार किया है. यह मदरसे के नाम पर चंदा वसूलकर पाकिस्तान में अपने आकाओं को भेजता था. जैहादी भाषणों से प्रभावित होकर, जफर सोशल मीडिया पर भी सक्रिय था. ATS ने उसे पाकिस्तान में पैसे भेजते हुए रंगे हाथों पकड़ा है.
उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एटीएस की टीम ने कुख्यात आतंकी संगठन जैश-ए-मुहम्मद के गुर्गे को अरेस्ट किया है. इस गुर्गे की पहचान बिहार में पूर्णिया के रहने वाले मोहम्मद जफर पुत्र मोहम्मद जहीर के रूप में हुई है. यह आतंकी हापुड़ एवं आसपास के जिलों में मदरसे के नाम पर चंदा वसूलता था और फिर पूरी रकम पाकिस्तान में बैठे अपने आका को भेज देता था. ATS के अधिकारियों के मुताबिक इस आतंकी ने बिजनेस अकाउंट और संदिग्ध लोगों के जरिए UPI से कई बार पैसे भेजे हैं.
एटीएस को इस आतंकी के बारे में हाल ही में जानकारी मिली थी. इसके बाद से ही एटीएस की नजर इस आतंकी पर थी. अभी इसने जैसे ही पाकिस्तान में पैसे भेजने की कोशिश की, एटीएस की टीम ने इसे हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में शेरपुर कुरेशियान मस्जिद से दबोच लिया. पुलिस की पूछताछ में इस आतंकी ने कई बड़े खुलासे किए हैं. फिलहाल एटीएस की टीम इसके हरेक बयान को तस्दीक कर रही है. एटीएस की पूछताछ में इसने बताया कि वह जेहाद के नाम पर आतंकी संगठन से जुड़ा था.
संगठन में मिली फंड जुटाने की जिम्मेदारी
एटीएस की पूछताछ में पता चला है कि पाकिस्तान में बैठे इसके हैंडलर ने संगठन के लिए फंड की व्यवस्था की जिम्मेदारी दी थी. इसके लिए यह हापुड़ एवं आसपास के जिलों में मदरसे के नाम पर चंदा इकट्ठा करता था. उसने बताया कि वह मौलाना मसूद अजहर के भाषण और जेहादी तकरीरों से प्रभावित था. इसी वजह से सोशल मीडिया के जरिए जेहाद और खिलाफत से जुड़े संदेश साझा कर लोगों को हिंसक जेहाद के लिए प्रेरित करने का काम करने लगा था.
कई जेहादी ग्रुपों में जुड़ा था जफर
एटीएस की जांच में आरोपी मोहम्मद अजहर के कई पाकिस्तानी जेहादी व्हाट्सऐप ग्रुपों से जुड़े होने की बात सामने आई है. इन्हीं में से एक जैश-ए-मुहम्मद के जेहादी ग्रुप भी है. इसी ग्रुप से जुड़ने के बाद वह पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आया था.एटीएस की पूछताछ में इसने अपने सभी अपराध कबूल लिए हैं. इसके बाद एटीएस ने इसके खिलाफ हापुड़ के बहादुरगढ़ थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है. अब एटीएस की टीम इसके बाकी संपर्कों को खंगाल रही है.
