चिता से आग निकाली, चिलम सुलगाई और शुरू कर दी हुक्का पार्टी… UP में श्मशान का वीडियो वायरल; मचा बवाल

हापुड़ में जलती चिता से आग निकालकर हुक्का पार्टी करने का हैरान कर देने वाला वीडियो वायरल हुआ है. इस घटना से ग्रामीणों और मृतक के परिवार में गहरा रोष है, जो इसे सामाजिक संस्कारों का अपमान मान रहे हैं. पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. यह घटना कानून और सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन है.

हापुड़ के श्मशान में चिलम पार्टी

उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित एक श्मशान का हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में एक चिता जल रही है. इतने में कुछ लड़के आते हैं और चिता में से आग निकालकर चिलम सुलगाते हैं. फिर वहीं बैठकर हुक्का पार्टी करने लगते हैं. इस पूरे घटनाक्रम को इन्हीं में से एक लड़का अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लेता है. घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है, लेकिन वीडियो रविवार को वायरल हुआ है. इस वीडियो पर संज्ञान लेकर हापुड़ पुलिस ने एक युवक को हिरासत में भी ले लिया है.

जानकारी के मुताबिक हापुड़ में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला मुन्नी देवी का शुक्रवार को निधन हो गया था. दोपहर बाद परिजनों ने पास में श्मशान में पूरे रीति रिवाज के साथ उनका दाह संस्कार किया और काफी देर तक वहां बैठे रहे. फिर चिता जब पूरी तरह से लपटों से घिर गई तो परिवार के सभी लोग अपने घर चले गए. आरोप है कि इसके बाद कुछ युवक वहां पहुंचे और चिता से आग निकालकर चिलम सुलगाई और वहीं पास में ही बैठकर हुक्का पार्टी की.

ग्रामीणों ने जताई आपत्ति

घटना के अगले दिन शनिवार की शाम को वीडियो बनाने वाले युवक ने इसे सोशल मीडिया में डाल दिया. रातभर में ही यह वीडियो वायरल हो गया. इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इस घटनाक्रम और वीडियो पर आपत्ति जताते हुए पुलिस को टैग किया और कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों के मुताबिक यह वीडियो ना केवल हैरान करने वाला है, बल्कि यह पूरा घटनाक्रम शर्मनाक है. यह यह समाजिक संस्कारों के खिलाफ है. वहीं शोक संतप्त परिवार ने भी इस वीडियो पर आत्ति जताते हुए इसे मृतात्मा का अपमान बताया है.

एक्शन में आई पुलिस

कई लोगों द्वारा वीडियो पुलिस को टैग किए जाने की वजह से पुलिस ने भी इसपर संज्ञान लिया. पुलिस ने इस वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान कराई और एक युवक को हिरातस में ले लिया. पुलिस की पूछताछ में इस युवक ने अपने बाकी साथियों की भी पहचान बताई है. अब पुलिस पार्टी इन युवकों की तलाश कर रही है. हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow Us