जलती चिता से खोपड़ी निकाली, गर्लफ्रेंड का करने वाला था वशीकरण; तभी पहुंची पुलिस

हापुड़ में एक व्यक्ति ने जलती चिता से खोपड़ी निकालकर अपनी गर्लफ्रेंड का वशीकरण करने की कोशिश की. पुलिस ने सूचना मिलते ही कार्रवाई की और तांत्रिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. तांत्रिक के घर से 50 से अधिक महिलाओं की तस्वीरें और वशीकरण की सामग्री बरामद हुई है.

हापुड़ में तंत्र-मंत्र

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक बार फिर जलती चिता के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. इस बार एक चिता से छेड़छाड़ तांत्रिक क्रिया के लिए किया गया. इसमें एक सनकी आशिका ने अपनी गर्लफ्रेंड की वशीकरण के लिए चिता में से खोपड़ी निकाली और तांत्रिक के घर पहुंच गया. इतने में सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई. पुलिस ने इस मामले में तांत्रिक समेत तीन लोगों को अरेस्ट किया है. इनमें एक नाबालिग भी है.

पुलिस के मुताबिक तांत्रिक के घर में 50 से अधिक महिलाओं और लड़कियों की तस्वीरें लगी थीं. इन सभी का वशीकरण किया जाना था. इस खुलासे से जिले में हड़कंप मच गया है. मंगलवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इससे पहले हापुड़ में ही जलती चिता से आग निकालकर चिलम सुलगाने का मामला सामने आया था.

क्या है मामला?

पुलिस के मुताबिक शनिवार को सोटावाली मोहल्ले में रहने वाले एक 16 वर्षीय किशोर शुभांशु की गंभीर बीमारी की वजह से मौत हो गई थी. इसके बाद शुभांशु के परिजनों ने गांव के श्मशान में उसका अंतिम संस्कार किया और घर लौट गए. इतने में सूचना मिली कि उनके जाने के बाद बाइक सवार तीन युवक वहां आए और चिता में से शुभांशु की खोपड़ी और हड्डियां निकालकर ले गए. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.

ऐसे हुई गिरफ्तारी

सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इस दौरान एक फुटेज में बाइक सवार तीनों युवक दिखाए दे गए. इस फुटेज से पुलिस ने इनकी पहचान की और दबिश देकर आरोपी अमान, उसके साथी और तांत्रिक अवधेश शर्मा को धर दबोचा. पूछताछ में अमान ने बताया कि काफी कोशिश के बाद भी उसकी गर्लफ्रेंड भाव नहीं दे रही. इसलिए उसके वशीकरण के लिए तांत्रिक से संपर्क किया था.

तांत्रिक ने दिया था भरोसा

पुलिस की पूछताछ में अमान ने बताया कि तांत्रिक अवधेश शर्मा ने उसे भरोसा दिया था कि वह उसकी प्रेमिका का वशीकरण देगा. फिर उसके ही कहने पर वह अपने साथी के साथ मशान में जलती चिता से खोपड़ी लाया था. पुलिस की दबिश में तांत्रिक के घर से भारी मात्रा में तंत्र-मंत्र की सामग्री, मंत्रों की पोटलियां और संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई हैं. इनमें 50 से अधिक महिला और पुरुषों की तस्वीर भी शामिल है. पुलिस अब यह पड़ताल कर रही है कि इन महिलाओं की तस्वीरों का क्या उपयोग किया जाना था. थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच चल रही है.

Follow Us