नेताजी पर ‘लोन वाली डील’ पड़ गई भारी, पार्टी मीटिंग के बीच से ही उठा ले गई CBI
हरदोई के बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र चौधरी को पार्टी मीटिंग के दौरान सीबीआई ने हिरासत में लेकर लखनऊ चली गई. उनपर 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना' के तहत लोन पास कराने के नाम पर 50 हजार रुपये की घूस डकारने का आरोप है.
हरदोई के बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र चौधरी के लिए मंगलवार का दिन किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं रहा. नेताजी कछौना के मुसलमाना सपहैया में कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी बिसात बिछाने की तैयारी कर रहे थे, तभी दिल्ली और लखनऊ नंबर की चमचमाती गाड़ियों ने दस्तक दी. कार्यकर्ताओं को लगा शायद कोई बड़ा ‘मिशन’ है, लेकिन जब गाड़ियों से CBI की टीम उतरी, तो सबके होश फाख्ता हो गए.
नेताजी को अपने साथ लखनऊ ले गई सीबीआई की टीम
CBI की टीम ने बिना देर किए सुरेश चंद्र चौधरी और उनके एक साथी को हिरासत में लिया और सीधे कछौना रेलवे गेस्ट हाउस पहुंच गई. करीब 6 घंटों तक चली इस हाई-वोल्टेज पूछताछ में नेताजी के पसीने छूट गए. उनके साथी का मोबाइल जब्त कर छोड़ दिया गया, लेकिन नेताजी को टीम अपने साथ लखनऊ ले गई है.
लोन पास कराने के नाम पर घूस लेने का आरोप
खबर है कि यह पूरी कार्रवाई बघौली थाना क्षेत्र के अछरामऊ की रहने वाली सीमा नाम की एक महिला की शिकायत पर हुई है. नेता जी पर ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना’ के तहत लोन पास कराने के नाम पर नेताजी ने 50 हजार रुपये की घूस डकारने का आरोप है. उधर लोन के लिए बेचारी महिला बैंक के चक्कर काटती रही और यहां नेताजी ‘कमीशन’ का खेल खेल गए.
बसपा नेता ने बैंक मैनेजर पर फोड़ा सारा ठीकरा
अब जब नेता जी पर सीबीआई का शिकंजा कसा तो बसपा नेता का सुर बदल गया. उन्होंने सारा ठीकरा बैंक मैनेजर पर फोड़ते हुए साजिश की तहत फंसाने का आरोप लगाया. हालांकि, टीम ने उनकी एक न सुनी और कागजी कार्रवाई पूरी कर उन्हें अपने साथ लखनऊ ले गई. इस छापेमारी के बाद से कछौना कस्बे में हड़कंप मचा हुआ है. लोग चुटकी ले रहे हैं कि “युवाओं को उद्यमी बनाने चले थे नेताजी, खुद ही CBI के शिकंजे में आ गए.