मां की तेरही का खाना फेंकने गई थी युवती, जबरन खींच ले गया दरिंदा; फिर जो हुआ
उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मां की तेरही का बचा खाना फेंकने गई एक युवती को गांव के ही युवक ने अगवा कर दुष्कर्म किया. युवती की चीख सुनकर ग्रामीणों ने आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, आरोपी अस्पताल में भर्ती है.
उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक शर्मसार कर देने वाली घटना हुई है. यहां एक युवती अपनी मां की तेरही का बचा खाना फेंकने गई थी. अंधेरे का फायदा उठाते हुए गांव के ही एक युवक ने इस युवती को दबोच लिया और तालाब के पास ले जाकर उसके साथ रेप किया. युवती की चीखें सुनकर लोग वहां पहुंचे और आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया. इसके बाद जमकर मारपीट करने के बाद लोगों ने आरोपी को पुलिस को सौंप दिया. मामला हरदोई में हरियावां थाना क्षेत्र के एक गांव का है.
फिलहाल आरोपी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. गांव वालों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक पीड़ित युवती ने अपनी तहरीर में बताया कि उसके मां के निधन के बाद तेरही का आयोजन किया गया था. इसमें ढेर सारे रिश्तेदार और परिचित पहुंचे थे. कार्यक्रम के बाद बचा हुआ खाना लेकर वह मकान के पीछे फेंकने गई थी.
गांव का ही है आरोपी
पीड़िता के मुताबिक आरोपी नरेंद्र भी तेरही कार्यक्रम में था, उसने बचा हुआ खाना लेकर अंधेरे में जाते हुए देखा तो पीछा किया और मौका देखकर उसे दबोच लिया. फिर मुंह दबाकर आरोपी उसे खींचते हुए गांव के बाहर तालाब के पास ले गया, जहां उसने दुष्कर्म किया. उधर, लौटने में देरी होने पर परिजन उसकी तलाश में निकले. इस दौरान उसकी चीखें सुनकर तालाब पर आ गए. जहां आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया.
जमकर हुई पिटाई
पकड़े जाने पर परिजनों और गांव वालों ने आरोपी की जमकर पिटाई की. इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दिया. इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया. जहां उसकी हालत को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ही अस्पताल में भर्ती कराया है. थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह के मुताबिक आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. तबीयत में सुधार होने पर उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा.