पेड़ से बांधा, फिर लड़की के नाजुक अंगों को दांतों से काटा… सनकी आशिक की बर्बरता से पुलिस भी सन्न
हरदोई में एक सनकी आशिक ने एकतरफा प्यार में किशोरी को अगवा कर बर्बरता की हदें पार कीं. विरोध करने पर पेड़ से बांधकर मारपीट की और उसके नाजुक अंगों को दांतों से काटा. पीड़िता की शिकायत पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत की, लेकिन शुरुआत में पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. अब आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां एक एकतरफा प्यार में पागल युवक ने शादी समारोह से लौट रही किशोरी को अगवा किया. सूनसान स्थान पर ले जाकर रेप की कोशिश की. विरोध करने पर उसे पेड़ से बांध कर मारपीट की. इससे भी मन नहीं भरा तो आरोपी ने उसके नाजुक अंगों को दांत से काट लिया. थोड़ी देर बाद आरोपी के चंगुल से मुक्त होकर पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने पुलिस में आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मामला हरदोई में बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र का है. यहां भदहा गांव में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी ने अपने गांव के ही एक युवक पर रेप का प्रयास करने का आरोप लगाया है. यह वारदात 11 मई 2026 की रात की है. पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि वह अपने चाचा की शादी समारोह में शामिल होने गई थी. देर रात उसकी मां ने वहां से छोटे बच्चों को देखने के लिए उसे घर जाने को कहा. वह चाचा के घर से अपने घर की ओर चली, लेकिन रास्ते में ही अपने ही गांव के रहने वाले युवक ने उसे दबोच लिया.
सूनसान स्थान पर की हैवानियत
पीड़िता ने बताया कि आरोपी काफी समय से उसका पीछा कर रहा था और बातचीत करने व शादी करने का दबाव बना रहा था. उस रात मौका मिलने पर आरोपी ने पहले उसके मारपीट की और डराते धमकाते हुए पेड़ से बांध दिया. इस दौरान आरोपी ने रेप करने की कोशिश की, वहीं जब उसने विरोध किया तो उसके नाजुक अंगों को दांत से काट लिया. वारदात के बाद घायल अवस्था में पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरा घटनाक्रम बताया. इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे.
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया. सामान्य मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने खानापूर्ति कर ली. हालांकि बाद परिजनों ने पीड़िता के शरीर पर मौजूद अन्य गंभीर चोटों और कथित बर्बरता की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने दोबारा पीड़िता का मेडिकल कराया और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. अब पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है. सीओ हरियावां अजीत चौहान के मुताबिक जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.
