UP रोडवेज में बहनों की यात्रा फ्री! रक्षाबंधन पर योगी सरकार का तोहफा, तैयारी में जुटा विभाग

रक्षाबंधन पर उत्तर प्रदेश की महिलाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुफ्त बस यात्रा का तोहफा दिया है. यूपी रोडवेज बसों में यह सुविधा मिलेगी. परिवहन विभाग इसकी तैयारी में जुट गया है, साथ ही निजी वाहनों के सत्यापन और चालकों की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि बहनों की यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक रहे.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज सोर्स: AI

उत्तर प्रदेश में भी बहनों को रक्षाबंधन के मौके पर फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऐलान के बाद परिवहन विभाग इसके लिए तैयारी में जुट गया है. परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बसों के बेहतर रखरखाव, चालकों के नशामुक्त संचालन और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए हैं. वहीं प्राइवेट बस, टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन कराया जाएगा, ताकि महिलाओं की सुरक्षा का सुनिश्चित हो सके.

परिवहन मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा देने के निर्णय के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि इस पर्व पर बड़ी संख्या में महिलाएं यात्रा करती हैं. ऐसे में परिवहन व्यवस्था सुरक्षित, सरल और सुविधाजनक रहनी चाहिए. उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों को सरकार की ओर से गाइडलाइन जारी कर दी गई है. इसमें किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

प्राइवेट वाहनों का होगा सत्यापन

रक्षाबंधन के दौरान संचालित होने वाली निजी बसों के संचालकों को चालकों और परिचालकों का पुलिस/चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं. सत्यापन संबंधी अभिलेख भी सुरक्षित रखे जाएंगे. टैक्सी और ई-रिक्शा संचालकों को भी केवल सत्यापित और सक्षम चालकों से ही वाहन चलवाने के लिए निर्देशित किया गया है. इसी के साथ सभी परिवहन ऑपरेटरों को निर्धारित यात्री क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने के निर्देश दिए गए हैं.

नशे में ड्यूटी पर मिले तो होगी कार्रवाई

परिवहन मंत्री ने कहा कि कोई भी चालक या परिचालक नशे की हालत में ड्यूटी पर नहीं होना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को चालकों परिचालकों की ड्यूटी से पहले उनकी जांच अनिवार्य रूप से करने को कहा है. नशे की हालत में ड्यूटी करने या कराने का मामला सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. इसी क्रम में जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर सड़क सुरक्षा, रूट डायवर्जन और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है.

Follow Us