बिट्टी का ख्याल रखना… रात में एनिवर्सरी, सुबह सुसाइड नोट लिख कर ली खुदकुशी; एक साल पहले हुई थी शादी
उत्तर प्रदेश के हरदोई में शादी की सालगिरह के अगले दिन एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सुसाइड नोट लिखकर वह अपनी एक महीने की बेटी को पति के पास छोड़ गई है. हालांकि मायके पक्ष ने दामाद पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पति ने उसे मानसिक रूप से कमजोर होने का दावा किया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक महिला ने संदिग्ध परिस्थिति में सुसाइड कर ली है. एक दिन पहले ही महिला ने पति संग शादी की वर्षगांठ मनाई थी. वहीं अगले दिन जब पति एवं परिवार के बाकी लोग काम काज के लिए घर के लिए बाहर निकले तो एक महीने की बेटी को छोड़ कर वह पंखे से लटक गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. महिला की मां ने दामाद पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है. वहीं महिला के पति ने पुलिस को बताया कि वह दिमागी रूप से कमजोर थी. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.
मामला हरदोई में अतरौली थाना क्षेत्र के अजमतपुर गांव का है. पुलिस के मुताबिक मृत युवती की पहचान 23 वर्षीय प्रियंका के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाले विशाल अपने पिता मिश्रीलाल के साथ कैटरिंग का काम करता है. पिछले साल उसकी शादी कछौना कोतवाली क्षेत्र के अहिरावां गांव में रहने वाली प्रियंका के साथ हुई थी. पिछले दिनों प्रेगनेंसी के दौरान प्रियंका अपने मायके गई थी और बेटी पैदा होने के बाद हाल ही में विशाल उसे अपने घर ले आया था.
घटना से हर कोई हैरान
परिजनों के मुताबिक शनिवार को इनकी मैरिज एनिवर्सरी थी. इस मौके पर घर में छोटी सी पार्टी भी रखी गई थी. इसमें दोनों बहुत खुश थे. रविवार की सुबह विशाल अपने पिता के साथ काम पर चला गया. वहीं उसकी मां और छोटी बहन भी बकरी चराने चली गई. ऐसे में घर में केवल प्रियंका और उसकी एक महीने की बेटी ही रह गई थी. दोपहर बाद विशाल की छोटी बहन घर लौटी तो उसने भाभी को पंखे से लटके देखा और शोर मचाया. इसके बाद पड़ोसियों ने मौके पर पहुंच कर पुलिस को सूचना दी. इस घटना से हर कोई हैरान है.
सुसाइड नोट में क्या लिखा?
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है. इसमें प्रियंका ने अपने पति को लिखा है कि ‘तुम कुछ मत कर लेना, वरना बिट्टी का ख्याल कौन करेगा? खुशी से रहना यार, ओके बॉय’. घटना के बाद मौके पर पहुंची प्रियंका की मां ने विशाल पर दहेज में बाइक पर सोने की चेन मांगने का आरोप लगाया. कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर विशाल ने उनकी बेटी की हत्या कर दी है. वहीं विशाल ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी की मानसिक हालत ठीक नहीं थी. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच हर संभावित एंगल से की जा रही है.
