पूर्व क्रिकेटर अमित मिश्रा पर दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोप, मॉडल पत्नी ने दर्ज कराया परिवाद

पूर्व IPL खिलाड़ी अमित मिश्रा फिर से मुश्किलों में हैं. उनके खिलाफ दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगे हैं. पूर्व क्रिकेटर की पत्नी ने कानपुर कोर्ट में गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा (परिवाद) दर्ज कराया है. इस मामले की सुनवाई 27 मार्च को होगी, जिसमें पीड़िता का बयान दर्ज किया जाएगा.

पूर्व IPL खिलाड़ी अमित मिश्रा पर पत्नी का परिवाद (फाइल फोटो)

पूर्व IPL खिलाड़ी अमित मिश्रा के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही है. पत्नी गरिमा तिवारी ने उनके ऊपर गंभीर आरोप लगाते हुए कोर्ट में परिवाद दाखिल किया है. गरिमा और अमित मिश्रा के बीच पहले से भी कुछ मुकदमे चल रहे हैं. पूर्व क्रिकेटर की शादी बिरहाना रोड निवासी गरिमा तिवारी से 26 अप्रैल 2021 को हुई थी.

कानपुर निवासी क्रिकेटर अमित मिश्रा IPL में गुजरात लॉयंस और राजस्थान रॉयल्स टीम के लिए खेल चुके हैं. 2023-24 में लखनऊ सुपर जायन्ट्स टीम के साथ आखिरी IPL खेला था. अमित इस समय रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में सिक्योरिटी विभाग में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं. उनकी पत्नी गरिमा मॉडलिंग करती थी, दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम से हुई थी.

मारपीट और खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप

गरिमा का आरोप था कि शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज में 10 लाख कैश और होंडा सिटी कार की मांग कर रहे थे. मांग पूरी न होने पर विदाई से मना कर दिया था. 2.50 लाख रुपए देने पर उनकी विदाई हुई. इसके बाद 2025 में गरिमा ने मामला दर्ज कराकर मुआवजे के तौर पर एक करोड़ रुपए की मांग की थी. इसके अलावा घरेलू हिंसा का भी आरोप लगाया.

अब एक बार फिर गरिमा ने पति अमित मिश्रा के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया है. गरिमा का कहना है कि वो अपने पति से अलग रह रही है. उन्होंने अमित मिश्रा पर शराब पीकर मारपीट और खुदकुशी के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया है. गरिमा का यह भी आरोप था कि प्रताड़ना की वजह से उन्होंने आत्महत्या का प्रयास भी किया था.

अमित मिश्रा के खिलाफ क्रिमिनल परिवाद दाखिल

गरिमा के अधिवक्ता ने बताया कि अब कोर्ट में दहेज की मांग को लेकर अमित मिश्रा के खिलाफ क्रिमिनल परिवाद दाखिल किया गया है. इसमें अमित के साथ उनके परिवारवालों को भी पक्षकार बनाया गया है. फिलहाल इस पूरे मामले में अभी अमित मिश्रा से कोई बात नहीं हो पाई है. मामले की सुनवाई अब कोर्ट में 27 मार्च को होगी, जिसमें गरिमा की बयान कराए जाएंगे.