बाल्मीकि रामायण पर अमर्यादित टिप्पणी मामले में यदुनंदन लाल गिरफ्तार; सपा से भी निष्कासित
हरदोई में सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा के बाल्मीकि रामायण, माता सीता और कौशल्या पर अभद्र टिप्पणी के बाद से बवाल मचा है. सपा ने हिंदू देवी-देवताओं पर अमर्यादित टिप्पणी के कारण पार्टी से निष्कासित कर दिया. इस बीच पुलिस ने यदुनंदन लाल को गिरफ्तारी कर लिया है.
हरदोई में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव यदुनंदन लाल वर्मा को अमर्यादित टिप्पणी मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है. बाल्मीकि रामायण, भगवान श्रीराम, माता सिता और कौशल्या पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही बवाल मच गया था. इसके बाद हरपालपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी.
हरपालपुर के सर्कल ऑफिसर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 299/196 और आईटी एक्ट (67) में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी यदुनंदन लाल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी है, आगे अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सार्वजनिक सभा के दौरान अमर्यादित टिप्पणी
यदुनंदन लाल वर्मा पर सार्वजनिक सभा के दौरान धार्मिक विषयों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है. उन्होंने सम्राट अशोक जयंती कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम और माता कौशल्या पर अमर्यादित बयान दिए. बाल्मीकि रामायण का गलत हवाला देते हुए भगवान श्री राम के जन्म को लेकर माता कौशल्या पर अभद्र टिप्पणी की थी.
साथ ही यदुनंदन लाल ने माता सिता और श्रीराम के अश्वमेध यज्ञ पर भी अपमानजनक बयान दिए हैं. इसके बाद उन्होंने ब्राह्मण 33 करोड हिंदू देवी देवताओं को भी गलत बताया. इसका वीडियो वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया. तमाम हिंदू संगठनों ने जोरदार धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. साथ ही रामनवी के दिन ऐसे बयान पर राजनीति भी गरमाने लगी है.
हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश, धरना प्रदर्शन
हरदोई शहर की कोतवाली के बाहर हिंदू संगठन धरना प्रदर्शन करने लगे. साथ ही आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करते हुए कड़ी कार्यवाही की मांग कर रहे थे. भारी विरोध प्रदर्शन के बाद हरपालपुर के सर्कल ऑफिसर सत्येंद्र सिंह की ओर से मामले में यदुनंदन लाल वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज किया और पुलिस आरोपी के गिरफ्तारी में जुट गई थी.
वहीं, अखिल भारत हिंदू महासभा ने इसे सनातन धर्म के अनुयायियों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचने वाला बताया. प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने लखनऊ के कोतवाली हजरतगंज में तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां समाज में जातीय विभाजन को बढ़ावा देने वाली हैं और इससे सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचता है.
विवाद बढ़ने के बाद सपा ने किया निष्कासित
इस बीच विवाद बढ़ता देख समाजवादी पार्टी ने यदुनंदन लाल को निष्कासित कर दिया. हरदोई सपा जिला अध्यक्ष शराफत अली ने कहा कि शर्म के साथ यदुनंदन लाल को सक्रिय सदस्यता से निष्कासित करते हुए प्रदेश नेतृत्व को सूचना दी गई. इसके अलावा शराफत अली ने साफ किया कि समाजवादी पार्टी यदुनंदन लाल के आचरण से किनारा करती है.
यदुनंदन लाल वर्मा, हरदोई के हरपालपुर थाना के ग्राम कनत्थूखेडा के रहने वाले हैं. वह ऊंचागांव क्षेत्र में वीरांगना अवंती बाई लोधी डिग्री कॉलेज के प्रबंधक है. पहले यह एक बार भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं, लेकिन इस समय समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव के तौर पर नियुक्त थे. जानकारी के मुताबिक, यह सावायजपुर विधानसभा टिकट के दावेदार भी है.
