धमकी भरे ई-मेल से अलर्ट; बरेली पासपोर्ट ऑफिस और मुरादाबाद में डाकघर को बम से उड़ाने की चेतावनी

बरेली पासपोर्ट ऑफिस के बाद अब मुरादाबाद में डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. दोनों जगहों को खाली कराकर जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. सुरक्षा एजेंसियां फूल अलर्ट मोड पर है, ईमेल के स्रोत की जांच की जा रही है. वहीं, बरेली मामले में एक संदिग्ध को पकड़ा गया.

बरेली पासपोर्ट ऑफिस में तलाशी के दौरान सुरक्षाकर्मी

बरेली के प्रदर्शनी नगर इलाके में शुक्रवार को पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली, इसके कुछ ही घंटों बाद मुरादाबाद में डाक विभाग को मिले एक संदिग्ध ई-मेल के बाद अचानक हड़कंप मच गया. पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने सघन तलाशी अभियान चलाया. दोनों जगहों को खाली कराकर जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.

बरेली स्थित पासपोर्ट कार्यालय को सुबह करीब 11:15 बजे आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल आया, जिसमें दोपहर 2 बजे तक बिल्डिंग को उड़ाने की बात कही गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया. पूरे पासपोर्ट कार्यालय को तुरंत खाली कराकर जांच की गई, दोपहर 2 बजे तक प्रशासन से लेकर लोगों तक हड़कंप मचा रहा.

पासपोर्ट ऑफिस के आसपास के दफ्तरों में भी तलाशी

बरेली पासपोर्ट कार्यालय पर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते (BDS) को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच शुरू की. बिल्डिंग के हर कोने, हर कमरे और आसपास के इलाकों को चेक किया गया. पासपोर्ट ऑफिस के आसपास स्थित बैंक, विकास प्राधिकरण कार्यालय और अन्य दफ्तरों को भी खाली करा दिया गया.

दोपहर 2 बजे तक पुलिस ने पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में रखा और जांच जारी रखी, और उसके बाद पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली. फिलहाल जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पूरी सतर्कता बरती जा रही है. जांच टीम लगातार चेकिंग कर रही है, ताकि किसी भी तरह की चूक न हो. हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.

एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ा

अचानक हुए इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मच गया, इस बीच पुलिस ने रामपुर से बरेली पासपोर्ट ऑफिस आए पासपोर्ट बनाने वाले एक मोहम्मद उस्मान को हिरासत में लिया. उस्मान का मोबाइल कब्जे में लिया गया था, हालांकि, पुलिस पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया. फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और किसी तरह की अनहोनी की खबर नहीं है

मुरादाबाद डाकघर में दो घंटे तक चली सघन तलाशी

बरेली के कुछ घंटों बाद मुरादाबाद में डाक विभाग के अधिकारिक मेल से बम की धमकी मिली. सीनियर सुपरीटेंडेंट पोस्ट ऑफिसर विनय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल इस मेल को जिला स्तर के अधिकारियों को भेजा, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को अलर्ट कर दिया गया. पुलिस ने पूरे परिसर को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया.

डाकघर के हर हिस्से, कमरों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की. करीब एक से दो घंटे तक चले इस ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई. इस दौरान सुरक्षा कारणों से डाकघर का कामकाज कुछ समय के लिए बाधित रहा और कर्मचारियों व आम लोगों में भी दहशत का माहौल बना रहा.

Follow Us