UP में आफत की बारिश! कहीं घर गिरे कहीं पेड़, अगले 48 घंटे में फिर आंधी-तूफान का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से जारी भारी बारिश ने आफत ला दी है, जिससे कई मकान गिरे और जनहानि हुई. मुजफ्फरनगर में 5 लोगों की मौत दर्ज की गई. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए फिर आंधी-तूफान और अतिवृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया है. 12 जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, स्कूलों में भी छुट्टी घोषित है.
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दो दिनों से बारिश का दौर जारी है. भीषण गर्मी और उमस में झुलस रहे नोएडा-गाजियाबाद समेत पश्चिमी यूपी में भी भी राहत की बारिश हो गई. हालांकि यही बारिश कई जगह आफत भी लेकर आई है. इस बारिश में दर्जनों मकान गिरे हैं. वहीं कई जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ है. भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में अगले 48 तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान आंधी-तूफान की भी चेतावनी जारी की गई है.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस बारिश की वजह से सोमवार को शाहजहांपुर के टाह खुर्द कलां गांव में तीन मकान ध्वस्त् हो गए. गनीमत रही कि इन घटनाओं में केवल एक महिला घायल हुई है. जबकि मुजफ्फरनगर में एक कच्चा मकान गिर गया. इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई. कई जिलों में भारी बारिश की वजह से जलभराव हो गया है. यहां तक कि स्कूलों में भी पानी भर गया है. ऐसे में जिला प्रशासन ने छुट्टी घोषित कर दी है.
12 जिलों में रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में अत्यधिक बारिश की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है. इसी प्रकार 31 जिलों में भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज तथा 25 जिलों में मध्यम से भारी बारिश की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश हो सकती है. इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बिजली गिरने और आंधी-तूफान की भी आशंका है.
इन जिलों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा इनपुट के मुताबिक आज यूपी के बलरामपुर , श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं आदि जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों में अतिवृष्टि की संभावना है. इसी प्रकार बांदा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस के अलावा कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी आदि इलाकों में मध्यम से भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
गरजेंगे मेघ, गिर सकती है बिजली
मौसम विभाग के मुताबिक आज यूपी के चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, जौनपुर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, उन्नाव आदि जिलों में मेघ गरजने और बिजली चमकने की आशंका है. इसी प्रकार लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, ललितपुर में भी बिजली गिरने का खतरा है.
