पहली एनिवर्सिरी पर पत्नी को क्या दूं सरप्राइज… एक-एक रुपये जोड़कर युवक पहुंचा बाजार, भावुक कर देगी कहानी

कानपुर के अभिषेक यादव ने अपनी पहली शादी की सालगिरह को यादगार बनाने के लिए एक अनोखा प्रयास किया. पान की दुकान चलाने वाले अभिषेक ने साल भर अपनी दिनभर की कमाई का एक हिस्सा गुल्लक में जमा किया और अब उन्हीं सिक्कों को लेकर सोने की चेन खरीदने पहुंच गए. उनकी कहानी सुनकर जौहरी भी भावुक हो गया.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

वैसे तो लोग प्यार के मामले में मुगल बादशाह शाहजहां का उदाहरण देते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के कानपुर में तो एक युवक ने अपने प्यार को खुश करने के लिए कुछ ऐसा किया कि लोग भावुक हो गए. लोग कहने लगे कि हर लड़की को ऐसा ही पति मिले. जी हां, यह कहानी है कानपुर में टटियन झनाकां में रहने वाले अभिषेक यादव की. एक साल पहले ही अभिषेक यादव की शादी हुई थी. वह पहली एनिवर्सरी पर पत्नी को कुछ ऐसा सरप्राइज गिफ्ट देना चाहते थे कि वह यादगार बन जाए.

रामा देवी चौराहे पर एचएएल कॉलोनी के पास पान की दुकान कर अपना और परिवार का भरण पोषण करने वाले अभिषेक की इतनी आमदनी नहीं थी कि वह कोई जेवर बनवा सकें. इसलिए अपनी शादी के बाद से ही काफी परेशान थे. अचानक एक दिन इनके दिमाग में आइडिया आया और वह रोजाना अपनी दिन भर की बिक्री का एक छोटा सा हिस्सा गुल्लक में डालने लगे. अब जैसे ही एनिवर्सरी की डेट करीब आई, अभिषेक ने अपना गुल्लक तोड़ा और उसमें से निकले सारे सिक्के इकट्ठा कर राजा मार्केट स्थित सर्राफा बाजार पहुंच गए.

चेन के लिए किया ऑर्डर

एक जौहरी की दुकान पर अभिषेक ने एक सुंदर सी चेन पसंद की और उसे खरीदने के लिए टेबल पर सारे सिक्के रख दिए. यह देखकर पहले तो जौहरी भी हैरान रह गया. कहा कि ये सिक्के तो अब बैंक वाले भी नहीं लेते. उसने अभिषेक को लौटाने की कोशिश की. तब अभिषेक निराश हो गए. उन्होंने जौहरी को अपना सपना बताया. कहा कि एक साल से वह एक-एक सिक्के जोड़ कर बड़ी मुश्किल से एक लाख की रकम जमा कर पाए हैं. इतनी मेहनत के बाद भी यदि वह अपनी पत्नी के लिए सरप्राइज गिफ्ट नहीं खरीद पाते तो उनका मन टूट जाएगा.

भावुक हो गए जौहरी

सराफा कारोबारी एवं व्यापारी नेता महेश वर्मा के मुताबिक उन्होंने अभिषेक की कहानी सुनी तो एक बार सोचने को मजबूर हो गए. उन्होंने तुरंत अभिषेक को रोका और सारे सिक्के ले लिए. इसके बाद उन्होंने अभिषेक की पसंद की हुई चेन उनके हवाले कर दिया. यह गिफ्ट पाकर अभिषेक के चेहरे की खुशी देखने लायक थी. कहा कि अभी उनकी पत्नी मायके गई है. एनिवर्सरी से पहले वह आएगी तो वह उचित मौका देखकर उसका सरप्राइज गिफ्ट उसे दे देंगे. अभिषेक की ये प्रेम कहानी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है.

Follow Us