क्या 8वीं बार सेवा विस्तार पाएंगे मुरादाबाद के कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह?

सिक्किम कैडर के 2005 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह का मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर के रूप में सातवां सेवा विस्तार 14 अगस्त को खत्म हो गया. इसके साथ ही अब उनके आठवें सेवा विस्तार को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. आंजनेय कुमार सिंह मार्च 2021 से मुरादाबाद मंडल के आयुक्त हैं और करीब साढ़े पांच साल से इसी पद पर बने हुए हैं. इससे पहले वह फतेहपुर, बुलंदशहर और रामपुर के जिलाधिकारी रह चुके हैं.

आंजनेय कुमार सिंह Image Credit:

सिक्किम कैडर के 2005 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह का मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर के रूप में कार्यकाल एक बार फिर चर्चा में है. उनका सातवां सेवा विस्तार 14 अगस्त को समाप्त हो गया है. इसके साथ ही शासन स्तर से अगले आदेश को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.

आंजनेय कुमार सिंह पिछले करीब साढ़े पांच साल से लगातार मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर पद पर तैनात हैं. एक ही मंडल में इतने लंबे समय तक कमिश्नर के पद पर बने रहना प्रशासनिक स्तर पर असामान्य माना जाता है. अब सवाल यह है कि सरकार उन्हें आठवीं बार सेवा विस्तार देती है या किसी अन्य अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाती है.

15 अगस्त से अवकाश पर जाएंगे कमिश्नर

14 अगस्त को मौजूदा सेवा विस्तार की अवधि पूरी होने के बावजूद देर रात तक शासन की ओर से कोई नया आदेश जारी नहीं हुआ था. बताया जा रहा है कि आंजनेय कुमार सिंह 15 अगस्त से पहले से निर्धारित अवकाश पर जा रहे हैं. पिछले साल भी कार्यकाल समाप्त होने के बाद वह अवकाश पर गए थे और शासन से आदेश जारी होने के बाद दोबारा जिम्मेदारी संभाली थी. ऐसे में इस बार भी प्रशासनिक अधिकारियों की नजरें शासन के अगले फैसले पर टिकी हैं.

कौन हैं IAS आंजनेय कुमार सिंह?

आंजनेय कुमार सिंह, 2005 बैच के सिक्किम कैडर के आईएएस अधिकारी हैं. 2015 में वह पांच साल की अंतर-कैडर प्रतिनियुक्ति पर उत्तर प्रदेश आए थे. इसके बाद उन्होंने फतेहपुर, बुलंदशहर और रामपुर जैसे जिलों में जिलाधिकारी के रूप में काम किया. रामपुर में जिलाधिकारी रहते हुए समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान पर उनकी कार्रवाई काफी चर्चा में रही. इसके बाद मार्च 2021 में उन्हें मुरादाबाद मंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया.

अब तक सात बार मिला सेवा विस्तार

आंजनेय कुमार सिंह को 2020 में पहली बार सेवा विस्तार मिलने के बाद अलग-अलग चरणों में कार्यकाल बढ़ाया गया. इसके बाद 2021, 2022 और 2023 में एक-एक वर्ष का विस्तार मिला. 2024 में छह-छह महीने के दो विस्तार और 2025 में फिर एक वर्ष का विस्तार दिए जाने की बात सामने आई है. अब सातवां विस्तार समाप्त होने के बाद आठवें विस्तार को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

रामपुर में आजम खान से टकराव से सुर्खियों में आए

आंजनेय कुमार सिंह रामपुर के जिलाधिकारी रहते हुए सपा नेता आजम खान के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर भी काफी चर्चा में रहे. उनके कार्यकाल के दौरान जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मामलों में प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए. रामपुर के जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े कई मामले बाद में न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बने. विश्वविद्यालय से जुड़े भवनों और सरकारी जमीन से संबंधित मामलों में भी प्रशासनिक कार्रवाई हुई.

Follow Us