लखनऊ: वेलनेस सिटी योजना में 10 एकड़ जमीन देने वालों को ग्रीन कॉरिडोर के पास मिलेंगे प्लॉट
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की वेलनेस सिटी योजना 485 हेक्टेयर में विकसित हो रही है. योजना में जमीन देने वाले किसानों के लिए बड़ा प्रावधान किया गया है. इसके तहत 10 एकड़ से अधिक जमीन देने वालों को ग्रीन कॉरिडोर के पास प्राइम लोकेशन पर प्लाट मिलेंगे.
लखनऊ में विकसित की जा रही वेलनेस सिटी योजना में जमीन देने वाले किसानों को बड़ा फायदा मिलेगा. लैंड पूलिंग के जरिए 10 एकड़ से अधिक जमीन देने पर ग्रीन कॉरिडोर के पास प्राइम लोकेशन पर प्लॉट मिलेंगे. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरुवार को ग्रीन कॉरिडोर के पास की भूमि को आरक्षित करने के निर्देश दिए.
LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सुलतानपुर रोड और किसान पथ के बीच करीब 485 हेक्टेयर क्षेत्रफल में वेलनेस सिटी विकसित की जा रही है. इसके लिए बक्कास, मलूकपुर ढकवा, चौरहिया, चौरासी, दुलारमऊ, नूरपुर बेहटा और मस्तेमऊ गांवों की जमीन चिन्हित की गई है. योजना को भविष्य में मेडी सिटी के रूप में विकसित करने की तैयारी है.
10 एकड़ जमीन देने वालों को खास फायदा
प्रथमेश कुमार के मुताबिक, वर्तमान में लैंड पूलिंग के माध्यम से भूमि जुटाव का कार्य किया जा रहा है. अभी तक लगभग 200 हेक्टेयर भूमि के लैंड पूलिंग के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं. प्रथम चरण में लॉटरी के माध्यम से काश्तकारों को 125 विकसित भूखण्ड आवंटित किये जा चुके हैं. अगले महीने फिर लॉटरी के जरिए लगभग 200 प्लॉट आवंटित किये जाएंगे.
उपाध्यक्ष ने बताया कि लैंड पूलिंग नीति के तहत योजना के लिए 10 एकड़ अथवा उससे अधिक भूमि देने वाले किसानों को 50 प्रतिशत अविकसित भूखण्ड ग्रीन कॉरिडोर के पास आवंटित किये जाएंगे. इसमें भूखण्ड के आसपास वाह्य विकास का पूरा कार्य एलडीए द्वारा कराया जाएगा. ग्रीन कॉरिडोर से नजदीकी के कारण इसकी कनेक्टिविटी भी बेहतर रहेगी.
आकार लेने लगा 6.5 KM लंबा ग्रीन कॉरिडोर
वेलनेस सिटी के 4 मुख्य मार्गों को निर्माणाधीन ग्रीन कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा. शहीद पथ से किसान पथ के बीच 6.5 किलोमीटर लंबा और 24 मीटर चौड़ा ग्रीन कॉरिडोर अब आकार लेने लगा है. पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से महज 0.5 किलोमीटर की दूरी पर प्रस्तावित वेलनेस सिटी में योजना में 60 मीटर से 24 मीटर चौड़ी सड़कें विकसित की जा रही हैं.
वेलनेस सिटी को मेडी सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा. जहां सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज, डायग्नोस्टिक सेंटर के साथ विपासना केन्द्र व मेडिटेशन सेंटर आदि होंगे.
LDA की CG सिटी में भी विकास कार्य तेज
सीजी सिटी योजना में अर्बन वेट लैंड के पास निर्मित फुटओवर ब्रिज एरिया में कार्निवल 365 विकसित किया जा रहा है. उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना का निरीक्षण करके 02 माह में स्थल संचालित करने के निर्देश दिये हैं. यहां 10 फूड कियॉस्क, बच्चों के लिए इनडोर एवं आउटडोर गेम्स, झूले आदि की सुविधा होगी.
सीजी सिटी में लगभग 40 करोड़ रूपये की लागत से 1500 मीटर लंबा बॉक्स ड्रेन नाला निर्मित किया जा रहा है. इससे सीजी सिटी व आसपास विकसित 10 से अधिक निजी टाउनशिप के वर्षा जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ होगी. साथ ही वेट लैंड में आने वाले प्रवासी पक्षियों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए इंटरप्रिटेशन सेंटर विकसित किया जा रहा है.
