विवादों में IAS अभय सिंह, मां ने लगाया घर कब्जाने और प्रताड़ित करने का आरोप
आईएएस अभय सिंह पर उनकी मां ने घर कब्जाने और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने इसकी शिकायत राजस्व परिषद के चेयरमैन से की है. वहीं, आईएएस अभय सिंह ने कहा कि छोटे भाई के द्वारा ब्रेनवॉश करने के चलते मां ऐसा कर रही हैं.
यूपी कैडर के 2007 बैच के आईएएस अधिकारी अभय सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उनकी मां रेखा सिंह ने उनपर राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित पैतृक मकान पर कब्जा करने, मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं. मां ने इसकी शिकायत राजस्व परिषद के चेयरमैन से की है, जिसके बाद मामला नियुक्ति विभाग तक पहुंच गया है. वहीं, अभय सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उनकी मां का ब्रेनवॉश उनके छोटे भाई और भाभी ने किया है.
रेखा सिंह ने राजस्व परिषद चेयरमैन को लिखे पत्र में विस्तार से घटना का जिक्र किया है. पत्र के अनुसार, 1 जनवरी 2026 को अभय सिंह अपनी पत्नी माधवी के साथ चित्तौड़गढ़ स्थित आवास पर पहुंचे. वहां दोनों ने कथित तौर पर गाली-गलौज के साथ-साथ धमकी दी और मारपीट की कोशिश की. सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए.
धमकियों के चलते छोड़ना पड़ा घर
रेखा सिंह ने शिकायती पत्र में लिखा है कि जान का खतरा महसूस होने पर उन्हें अपने कमरे में बंद होना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे के लगातार मानसिक उत्पीड़न और स्टाफ के जरिए धमकियों के कारण उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा. मां ने दावा किया है कि उनके पास गाली-गलौज, धमकी और मारपीट के ऑडियो, वीडियो और मैसेज जैसे सबूत मौजूद हैं.
पहले भी विवादों में रहे हैं
शिकायत मिलने के बाद राजस्व परिषद चेयरमैन ने इसे प्रमुख सचिव (नियुक्ति) को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है विभाग ने अभय सिंह से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है वर्तमान में राजस्व परिषद में तैनात अभय सिंह का नाम पहले भी विवादों में रहा है. बुलंदशहर के डीएम रहते हुए सीबीआई ने उनके आवास पर छापेमारी की थी जहां से करीब 50 लाख रुपये नकद बरामद हुए थे. उन पर अवैध खनन घोटाले में भी नामजदगी हुई थी.
अभय सिंह की आई प्रतिक्रिया
अब इस मामले पर अभय सिंह की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा ‘मां छोटे भाई के प्रभाव में हैं आरोपों पर पलटवार करते हुए आईएएस अभय सिंह और उनकी पत्नी माधवी ने कहा कि रेखा सिंह पूरी तरह छोटे भाई और उसकी पत्नी के प्रभाव में हैं. अभय सिंह ने बताया मां कई राज्यों में फैली हमारी संपत्तियों को गलत तरीके से ट्रांसफर कर रही हैं. हम 1 जनवरी को पुलिस बल के साथ ही चित्तौड़गढ़ गए थे. हमने भी इस मामले में चित्तौड़गढ़ थाने में पहले ही एफआईआर दर्ज करा रखी है’. उन्होंने स्वीकार किया कि नियुक्ति विभाग का पत्र उन्हें बुधवार को मिल चुका है और वे अपना पक्ष जल्द रखेंगे.