9 महिलाओं के हत्यारों को पकड़वाने वाला डॉग अब नहीं रहा, पुलिस वालों ने नम आंखों से ‘इंस्पेक्टर फेंग’ को दी अंतिम विदाई
डॉग इंस्पेक्टर फेंग ने करीब 8 साल तक बरेली पुलिस के लिए सेवा दी. अपने तेज सूंघने की क्षमता और शानदार ट्रेनिंग की वजह से फेंग ने कई बड़े और संवेदनशील मामलों के खुलासे में अहम भूमिका निभाई. इंस्पेक्टर फेंग द्वारा 9 महिलाओं के साइको किलर को पकड़वाना उनका सबसे चर्चित केस रहा.
बरेली में पुलिस विभाग के लिए बेहद भावुक पल देखने को मिला. बरेली पुलिस के फेवरेट डॉग इंस्पेक्टर फेंग को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों, डॉग स्क्वॉड टीम और पुलिसकर्मियों ने फेंग को अंतिम सलामी देकर श्रद्धांजलि दी. माहौल इतना भावुक था कि वहां मौजूद कई पुलिसकर्मियों की आंखें नम हो गईं.
8 सालों तक बरेली पुलिस को डॉग फेंग ने दी सेवा
डॉग इंस्पेक्टर फेंग ने करीब 8 साल तक बरेली पुलिस के लिए सेवा दी. अपने तेज सूंघने की क्षमता और शानदार ट्रेनिंग की वजह से फेंग ने कई बड़े और संवेदनशील मामलों के खुलासे में अहम भूमिका निभाई. बरेली में हुए कई चर्चित अपराधों में फेंग की मदद से पुलिस अपराधियों तक पहुंच सकी. साइको किलर केस सहित कई गंभीर मामलों में फेंग ने पुलिस जांच को सही दिशा देने का काम किया था.
डॉग फेंग को विदाई देते हुए पुलिस महकमा भावुक नजर आया
बरेली पुलिस के डॉग स्क्वॉड में शामिल फेंग अपराध स्थल पर पहुंचकर सुराग ढूंढने में माहिर था. हत्या, चोरी रेप और अन्य गंभीर अपराधों में फेंग ने कई बार ऐसे सुराग तलाशे, जिनकी मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची. SSP अनुराग आर्य का कहना है कि फेंग सिर्फ एक डॉग नहीं था, बल्कि पूरी टीम का भरोसेमंद साथी था.
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने फेंग के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किए और पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी. इस दौरान डॉग स्क्वॉड के हैंडलर अमित कुमार भी भावुक नजर आए. उन्होंने बताया कि फेंग ने हमेशा पूरी ईमानदारी और लगन से अपनी ड्यूटी निभाई. कई कठिन मामलों में उसने पुलिस को बड़ी सफलता दिलाई.
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि फेंग ने बरेली पुलिस के लिए जो सेवा दी है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि डॉग स्क्वॉड पुलिस की जांच का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा होता है और फेंग ने अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया. एसएसपी ने कहा कि कई अहम मामलों में फेंग की भूमिका सराहनीय रही और उसकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी.
डॉग फेंग ने 9 महिलाओं के साइको किलर अपने दम पर पकड़वाया था
बरेली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, फेंग की वजह से कई अपराधियों को जेल तक पहुंचाया गया. उसकी सूझबूझ और ट्रेनिंग ने पुलिस को कई मामलों में बड़ी कामयाबी दिलाई. यही वजह रही कि पुलिस विभाग में फेंग को खास पहचान मिली हुई थी. इंस्पेक्टर फेंग द्वारा 9 महिलाओं के साइको किलर को पकड़वाना उनका सबसे चर्चित केस रहा.
फेंग की अंतिम विदाई के दौरान पुलिस लाइन में मौजूद हर व्यक्ति उसे याद कर भावुक दिखाई दिया. पुलिस विभाग ने अपने इस बहादुर साथी को पूरे सम्मान के साथ आखिरी सलामी दी और उसकी सेवाओं को याद किया. बरेली पुलिस के लिए फेंग हमेशा एक बहादुर और वफादार साथी के रूप में याद किया जाएगा.