DGP अनुराग धनखड़ का अंतिम संस्कार, मंत्री बोले- जांच के बाद सामने आएगा मौत का सच

त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ का बुधवार को उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम यात्रा में मंत्री असीम अरुण, जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए. असीम अरुण ने कहा कि अनुराग धनखड़ की मौत के कारणों पर जांच पूरी होने से पहले कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी. उन्होंने धनखड़ को ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बताया.

IPS अनुराग धनखड़ पंचतत्व में विलीन Image Credit:

त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग धनखड़ का बुधवार को उनके पैतृक नगर बड़ौत में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. परिजनों, रिश्तेदारों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी. मंगलवार देर रात उनका पार्थिव शरीर बड़ौत स्थित उनके छोटे भाई रविराज धनखड़ के आवास पर पहुंचा था.

इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और पूर्व आईपीएस अधिकारी असीम अरुण भी बड़ौत पहुंचे. मंत्री असीम अरुण ने अनुराग धनखड़ को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उनके परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की. मीडिया से बातचीत में असीम अरुण ने कहा कि अनुराग धनखड़ की मौत के कारणों को लेकर किसी भी तरह की अटकलें लगाना उचित नहीं होगा, जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएंगे.

अगरतला पुलिस मुख्यालय में मिला था शव

गौरतलब है कि 20 जुलाई को त्रिपुरा की राजधानी अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय में डीजीपी अनुराग धनखड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई थी. पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर त्रिपुरा से सड़क मार्ग के जरिए उत्तर प्रदेश के बागपत लाया गया. बागपत पहुंचते ही डीजीपी अनुराग धनखड़ का अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों का तांता लग गया.

श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब

बुधवार सुबह अनुराग धनखड़ के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया. इस दौरान छपरौली विधायक अजय तोमर, प्रशासनिक अधिकारी, त्रिपुरा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई. श्मशान घाट पर पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया.

असीम अरुण बोले- निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी

मंत्री असीम अरुण ने कहा कि अनुराग धनखड़ बेहद ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और पेशेवर पुलिस अधिकारी थे, उन्होंने अपने पूरे सेवा काल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया. असीम अरुण ने कहा कि फिलहाल उनकी मौत के कारणों को लेकर किसी भी तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं होगा. असीम अरुण बोले, ‘जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा. अभी किसी भी तरह का निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी.’

CBI में भी निभाई थी अहम जिम्मेदारी

असीम अरुण ने बताया कि अनुराग धनखड़ ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) में भी लंबे समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली थीं. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच की. उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली और निष्पक्षता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई मामलों में सुप्रीम कोर्ट ने विशेष जांच दल (SIT) का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी उन्हें नामित (By Name) करते हुए सौंपी थी.

पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

अनुराग धनखड़ के निधन की खबर से उनके पैतृक क्षेत्र बागपत में भी शोक का माहौल है. अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि उन्होंने अपने कार्य और व्यवहार से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया था. स्थानीय लोगों ने कहा कि उनका निधन केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे पुलिस विभाग और समाज के लिए बड़ी क्षति है. फिलहाल अनुराग धनखड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका आधिकारिक खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा.

Follow Us