यूपी के बलरामपुर से ISI लिंक वाला युवक गिरफ्तार, पाकिस्तान के लिए कर रहा था काम
यूपी ATS ने पाकिस्तान की ISI के लिए काम करने वाले एक युवक को दबोचा है. यह आरोपी सीधे पाकिस्तान में बैठे ISI एजेंट के संपर्क में था और भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल था. यह युवाओं को जोड़ने, संवेदनशील जानकारी जुटाने और आतंकी साजिश रचने में मदद कर रहा था.
उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक संदिग्ध नेटवर्क का खुलासा करते हुए बलरामपुर जिला से एक युवक को गिरफ्तार किया है. एटीएस का आरोप है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान में बैठे ISI एजेंट के संपर्क में था और उसके निर्देश पर भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था.
एटीएस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय शहरोज अहमद के रूप में हुई है. वह बलरामपुर जिले के रमवापुर थाना क्षेत्र के जनुई गांव का रहने वाला है. जांच में सामने आया कि आरोपी युवक सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स के जरिए पाकिस्तान में बैठे आईएसआई एजेंट जसवीर चौधरी के संपर्क में था और भारत विरोधी काम करता था.
सोशल मीडिया पर करता था राष्ट्र विरोधी प्रचार
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी को युवाओं को जोड़ने, संवेदनशील जानकारियां जुटाने और आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने जैसे निर्देश दिए गए थे. पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह राजस्थान के श्रीगंगानगर गया था, जहां उसे हथियार और विस्फोटक सामग्री उपलब्ध कराई गई. इसके बाद वह मुंबई भी गया, लेकिन वहां उसे कोई सफलता नहीं मिली.
एटीएस के मुताबिक, आरोपी शहरोज सोशल मीडिया के जरिए राष्ट्र विरोधी प्रचार भी करता था. वह लोगों को एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप्लिकेशन डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करता था और इसके बदले उसे प्रति व्यक्ति 5,000 रुपये तक मिलने की जानकारी भी जांच में सामने आई है. आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं.
पूरे नेटवर्क की जांच जारी, जांच एजेंसियां सतर्क
पुलिस की ओर से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि उसके नेटवर्क और संपर्कों के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके. फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे और इस नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका क्या थी?
