7 दिन पहले पिता की मौत, अब बेटी ने कर ली सुसाइड; 10 बाद आनी थी बारात

उत्तर प्रदेश के जालौन में एक युवती ने पिता की मौत के 7 दिन बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. 10 दिन बाद उसकी शादी होने वाली थी. युवती ने सुसाइड नोट में अपनी बड़ी बहन पर मानसिक प्रताड़ना और पिता की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है. पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है.

शादी से पहले युवती ने किया सुसाइड Image Credit:

उत्तर प्रदेश के जालौन में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक युवती ने फंदा लगाकर सुसाइड कर ली है. 7 दिन पहले ही कैंसर पीड़ित पिता की मौत हुई थी और 10 दिन बाद ही इस युवती की शादी होने वाली थी. मामला जालौन में कोंच कोतवाली क्षेत्र के गोखले नगर का है. मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक मृत युवती की पहचान 24 वर्षीय नेहा प्रजापति के रूप में हुई है. उसने सुसाइड नोट में उसने अपनी बड़ी बहन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. युवती की शादी 14 मार्च को होनी थी, इससे पहले पिता की मौत से वह अवसाद में चली गई थी. वह पिता की मौत के लिए अपनी बड़ी बहन को जिम्मेदार मानती थी. वह कहती थी कि यदि बड़ी बहन शादी के लिए जल्दबाजी नहीं करती तो उसके पिता जीवित रहते.

यह है मामला

जालौन पुलिस के मुताबिक गोखले नगर में रहने वाले अवध बिहारी प्रजापति खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी चार बेटियां हैं. बड़ी बेटी मीनू की शादी चार वर्ष पूर्व इटावा में हुई थी. दूसरी बेटी रोली की शादी बीते 12 फरवरी को कानपुर में संपन्न हुई थी. तीसरी बेटी नेहा की शादी 14 मार्च को इटावा में तय थी. वहीं सबसे छोटी बेटी रक्षा (16) पढ़ाई कर रही है. इसी बीच 25 फरवरी को अवध बिहारी की कैंसर की बीमारी से मृत्यु हो गई.

सोमवार को हुआ था बहन से झगड़ा

जानकारी के मुताबिक सोमवार को ही नेहा और रोली के बीच झगड़ा हुआ था. इस दौरान नेहा ने रोली से कहा भी था कि उसकी शादी की वजह से ही पिता का समुचित इलाज नहीं हो सका. इसी विवाद के बाद देर रात नेहा ने घर के किचन में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मंगलवार की सुबह जब परिजन जागे तो उन्होंने नेहा का शव फंदे से लटका देखा. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.

सुसाइड नोट में क्या लिखा?

मौके पर मिले सुसाइड नोट में नेहा ने बहन पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए अपने बैंक खाते और घर में रखी नकदी का जानकारी दी है. इसमें बताया है कि बैंक में 34 हजार और 14 हजार रुपये घर में रखे हैं. उसने बताया कि इन पैसों में से मंगेतर द्वारा पिता के इलाज में दिया गया पैसा लौटा दिया जाए. बाकी रकम छोटी बहन को दिया जाए. इसी के साथ उसने अपने सुसाइड नोट में अपनी छोटी बहन को उसके मंगेतर से शादी कर लेने का आग्रह किया है.