बहाने से घर में घुसा, करने लगा छेड़छाड़; लड़की ने सरेराह ‘अधिकारी जी’ पर बरसाए चप्पल
जालौन के चमारी गांव में एक ग्राम विकास अधिकारी पर एक लड़की ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है. आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी काम का बहाना लेकर लड़की के घर में घुस गया. लड़की ने उसकी हरकतें देखकर विरोध करने की कोशिश की.
जालौन चमारी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक लड़की ने ग्राम विकास अधिकारी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया. आरोप सिर्फ जुबानी जंग तक ही नहीं रुकी. लड़की ने सबके सामने ग्राम विकास अधिकारी की चप्पलों से पिटाई भी कर दी. यह पूरा घटनाक्रम किसी गांव के ही शख्स ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया.
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. अब ये वीडियो लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि, TV9 इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
चप्पलों से की ग्राम विकास अधिकारी की पिटाई
ये मामला विकासखंड के चमारी गांव का है, जहां पर तैनात ग्राम विकास अधिकारी शुक्रवार को गांव में किसी काम के सिलसिले में गया था. आरोप है कि उसने काम के बहाने गांव की ही एक लड़की के घर में घुस गया. वहां उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा. लड़की ने तुरंत इसका विरोध किया और शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी ग्राम सचिव मौके से भागने की कोशिश करने लगा.
लड़की ने आरोपी का पीछा किया और सरेराह चप्पलों से उसकी जमकर पिटाई कर दी. इस दौरान गांव के एक युवक ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और गांववालों मे बहुत गुस्सा दिखा. लड़की ने बाद में गांववालों को घटना की जानकारी दी.
पुलिस कर रही है जांच
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी ग्राम विकास अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. लड़की और उसके घरवालों से भी पूछताछ की गई. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला गंभीर समझ में आ रहा है. आरोपों की पुष्टि होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस संबंध में एट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि लड़की के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने यह भी पुष्टि की है कि आरोपी कोंच विकासखंड में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर काम कर रहे हैं. अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस शर्मनाक घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है. गांववालों का कहना है कि एक जिम्मेदार पद पर तैनात शख्स का ऐसा करना बहुत ही परेशान करने वाला है. इससे सरकारी व्यवस्था की साख पर भी सवाल खड़े होते हैं. लोगों ने आरोपी को तत्काल सस्पेंड करने और कठोर सजा देने की मांग की है.
फिलहाल पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए जांच कर रही है और प्रशासन की ओर से भी उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है.
