बहन से शादी करना चाहता था ममेरा भाई, परिवार नहीं माना तो दोनों ने दे दी जान

लखनऊ में एक ममेरे भाई और फुफेरी बहन ने प्रेम संबंध को परिवार की मंजूरी न मिलने पर अपनी जान दे दी. यह घटना तेलीबाग में हुई जहां दोनों ने एक ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश थी, जिससे यह त्रासदी और भी जटिल हो गई.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां भाई बहन के बीच प्यार के रिश्ते को परिवार ने नहीं माना तो दोनों ने एक ही फंदे से लटककर जान दे दी है. युवक लड़की का ममेरा भाई था. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. दोनों एक दूसरे से शादी भी करना चाहते थे, लेकिन उनके परिवार के लोग इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे. ऐसे में दोनों ने फैसला कर लिया कि साथ जी नहीं सकते तो क्या, साथ मर तो सकते ही हैं. फिर दोनों ने फांसी लगा ली.

जानकारी के मुताबिक लखनऊ के तेलीबाग में न्यू बलदेव विहार कॉलोनी स्थित घर में ममेरे भाई अनिकेत और फुफेरी बहन अंजलि का शव कमरे में एक ही पंखे से लटका मिला. दोनों ने अलग-अलग दुपट्टे से फांसी लगा ली थी. परिजनों को जानकारी हुई तो इसकी सूचना पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि दोनों करीब तीन साल से प्रेम संबंध में थे.

किराए के घर में रहता था अनिकेत

पुलिस के मुताबिक मृत युवक की पहचान शाहजहांपुर के रहने वाले 21 वर्षीय अनिकेत उर्फ रानू पुत्र राम अवतार के रूप में हुई है. वह यहां अपने परिजनों संग तेलीबाग में किराये का घर लेकर रहता था. वह 23 जुलाई को अपने घर से अहमदाबाद जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन अहमदाबाद ना जाकर नोएडा के खोड़ा कॉलोनी में रहने वाली अपनी बुआ के घर पहुंच गया. जहां से वह अपनी 18 वर्षीय फुफेरी बहन अंजलि को साथ लेकर फरार हो गया.

पकड़े जाने पर की सुसाइड

फरारी के दौरान दोनों पहले अयोध्या पहुंचे और छिपकर रहने लगा. इसी दौरान परिजनों ने इन्हें तलाश लिया और दोनों को अपने घर ले जाने लगे. इसी दौरान मौका देखकर कानपुर में दोनों परिजनों को चकमा देकर ट्रेन से उतर गए. फिर देर रात दोनों लखनऊ में तेलीबाग पहुंचे और कमरे में जाकर दोनों ने एक ही फंदे से फांसी लगा ली. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

सामने आई एक और कहानी

पीजीआई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील सिंह के मुताबिक अनिकेत व अंजलि ने खुदकुशी की है. दोनों के परिजनों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी. दरअसल करीब सात साल पहले अनिकेत की बहन सलोनी ने अंजलि के भाई सुनील के साथ भागकर शादी की थी. इसके बाद से ही दोनों परिवारों में बातचीत बंद हो गई थी. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की हर संभावित एंगल से जांच कर रही है.

Follow Us