नेशनल हाईवे-27 पर भयानक हादसा, अयोध्या से लौटते वक्त ट्रक में जा घुसी कार, 6 की मौत

जालौन में भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां एक टवेरा कार ट्रक में जा घुसी. इसमें 6 लोगों की मौत हो गई. टवेरा कार में सवार सभी लोग अयोध्या से दर्शन कर ललितपुर लौट रहे थे. हादसे की वजह कार ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है.

जालौन में भीषण सड़क हादसा

जालौन-झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हुपुर के पास चौरासी गुंबद के नजदीक हुआ, जहां तेज रफ्तार टवेरा कार पीछे से ट्रक में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

झपकी आने के चलते हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक को झपकी आ जाने के कारण यह हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि टवेरा कार में सवार सभी लोग अयोध्या से दर्शन कर ललितपुर लौट रहे थे. जैसे ही वाहन जोल्हुपुर के पास पहुंचा, अचानक नियंत्रण बिगड़ने से कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई.

ललितपुर के रहने वाले हैं मृतक

हादसे में मृतकों की पहचान ललितपुर जनपद के महरौनी थाना क्षेत्र के हरदौल मोहल्ला के रहने वाले लोगों के रूप में हुई. हादसे वाली गाड़ी में शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत नायक, , दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी और अंशुल तिवारी, स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज भोंडल सवार थे.

क्रेन की मदद से मृतकों को कार से निकालना पड़ा बाहर

घटना की सूचना मिलते ही जालौन की जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस और एंबुलेंस कर्मियों ने क्रेन की मदद से वाहन को हटाकर शवों और घायलों को बाहर निकाला.

यातायात रहा बाधित

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह चालक को आई झपकी बताई जा रही है. हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.

पुलिस ने क्या बताया

इस मामले में जालौन की पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि करने वाले सभी मृतक ललितपुर जनपद के रहने वाले हैं. सभी लोग अयोध्या से दर्शन करके ललितपुर जा रहे थे. इस दौरान कार चालक को झपकी आ गई जिसके चलते कार आगे चल रहे, एक बड़े वाहन में घुस गई.

Follow Us