सीएम योगी कल करेंगे दुनिया के पहले रामायण वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन
अयोध्या में शुक्रवार को दुनिया के पहले रामायण थीम आधारित वैक्स म्यूजियम का लोकार्पण होगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बने इस म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे. यहां भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान, रावण समेत रामायण के 25 से अधिक पात्रों की जीवंत मोम प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं.
राम मंदिर निर्माण के बाद धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रही अयोध्या को शुक्रवार को एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को अपने अयोध्या दौरे के दौरान दुनिया के पहले रामायण थीम आधारित वैक्स म्यूजियम का लोकार्पण करेंगे. यह म्यूजियम श्रद्धालुओं और पर्यटकों को त्रेता युग की अनुभूति कराने वाला एक अनूठा केंद्र बनने जा रहा है, जहां भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को मोम की जीवंत प्रतिमाओं के जरिए साकार किया गया है.
करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक वैक्स म्यूजियम में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान जी, ऋषि वशिष्ठ, रावण, मेघनाथ और जटायु समेत रामायण के 25 से अधिक प्रमुख पात्रों की आकर्षक मोम प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. इन प्रतिमाओं को इस तरह तैयार किया गया है कि दर्शकों को ऐसा महसूस होगा मानो वे स्वयं रामायण काल में पहुंच गए हों. म्यूजियम का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और रामायण की परंपरा से जोड़ना भी है.
नए जोनल कार्यालय का भी लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे में नगर निगम की एक अन्य महत्वपूर्ण परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे. मोहबरा बाजार क्षेत्र में लगभग 10.19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अयोध्या धाम के नए जोनल कार्यालय का लोकार्पण भी उनके कार्यक्रम में शामिल है. इस कार्यालय के शुरू होने से अयोध्या धाम क्षेत्र के नागरिकों को नगर निगम से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
आम पर्यटकों के लिए कब खोला जाएगा?
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए हैं. राम कथा पार्क के निकट स्थित हेलीपैड से लेकर ऋषिदेव जैन मंदिर और मनीरामदास की छावनी तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, उद्घाटन के बाद वैक्स म्यूजियम आम पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा.
टिकट दर क्या होगा?
हालांकि टिकट दरों और भ्रमण के समय की आधिकारिक घोषणा लोकार्पण के बाद की जाएगी. माना जा रहा है कि राम मंदिर के बाद यह वैक्स म्यूजियम अयोध्या आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनेगा. रामायण की कथाओं को आधुनिक प्रस्तुति के साथ जोड़ने वाला यह म्यूजियम आने वाले वर्षों में अयोध्या की पहचान को नई ऊंचाई दे सकता है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही अयोध्या को वैश्विक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करने का विजन सामने रख चुके हैं. राम मंदिर, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, चौड़ी होती सड़कें, आधुनिक सुविधाएं और अब रामायण वैक्स म्यूजियम जैसी परियोजनाएं उसी व्यापक योजना का हिस्सा मानी जा रही हैं.
