‘शादी करा दो, वरना यहीं बैठा रहूंगा’…प्रेम विवाह की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ा ‘मजनू’, खूब काटा बवाल
जालौन में एक युवक प्रेम विवाह की जिद में टावर पर चढ़ गया. इस दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही कुठौंद थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. किसी तरह काफी मशक्कत के बाद युवक को टावर से उतरने के लिए राजी किया गया.
जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र के मदनेपुर गांव में गुरुवार सुबह एक युवक प्रेम विवाह की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए.युवक की पहचान 21 वर्षीय शेर सिंह पुत्र दिनेश कुमार निवासी अटरा कलार, थाना सिरसा कलार के रूप में हुई है.
शादी की जिद में टावर पर चढ़ा मजनू
शेर सिंह का गांव की युवती काजल पुत्री रामदास दोहरे से प्रेम संबंध था. वह काजल से शादी करने की जिद पर अड़ा था और इसी मांग को लेकर टावर पर चढ़ा.टावर पर चढ़कर युवक ने अपनी शादी कराने की मांग को लेकर शोर मचाया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही कुठौंद थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की टीम को भी बुलाया गया.
दो घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने युवक से लगातार बातचीत की. ग्रामीणों की मदद से भी उसे समझाने का प्रयास किया गया. काफी मशक्कत के बाद युवक पुलिस की बातों में आ गया और सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया.नीचे उतरते ही पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया और थाना कुठौंद ले गई.
पहले भी मोबाइल टावर पर चढ़ चुका है युवक
पूछताछ में पता चला युवक पहले भी एक बार इसी तरह का ड्रामा कर चुका है. पिछली बार उसने शादी नहीं कराने से टॉवर से कूद जाने की धमकी दी थी. घंटों मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारने में सफलता मिली थी. अब वह दोबारा मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया. इससे गांव में हड़कंप मच गया. इस घटना पर अब क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. युवक को कुछ लोग मजनू करार देते हुए सच्चा आशिक बता रहे हैं. वहीं, कुछ लोगों ने उसे बेवकुफ कहा है.
