लखनऊ के ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट में फ्लैट लेने का एक और मौका, 15 दिन तक बढ़ाई गई रजिस्ट्रेशन डेट, इतनी है कीमत

ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट में लगभग 1900 वर्गफिट के 384 प्रीमियम फ्लैट्स के रजिस्ट्रेशन तारीख 15 दिन बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दिया गया है. इसके लिए आप एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं.रजिस्ट्रेशन के लिए फ्लैट के अनुमानित मूल्य की 05 प्रतिशत धनराशि पहले ही जमा करना होगी.

फ्लैट्स ( फाइल फोटो)

लखनऊ विकास प्राधिकरण के ऐशबाग स्कॉयर अपार्टमेंट में फ्लैट्स के लिए अब लोग महीने के आखिरी तारीख तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. पहले इन फ्लैट्स के लिए रजिस्ट्रेशन की आखिऱी तारीख 15 अप्रैल रखी गई थी. लेकिन अब इसे 15 दिन के लिए बढ़ा दिया गया है. अब लखनऊ के इस घनी आबादी वाले क्षेत्र में फ्लैट्स लेने के लिए आप 30 अप्रैल तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे.

1900 वर्गफिट के 384 प्रीमियम फ्लैट्स

ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट में लगभग 1900 वर्गफिट के 384 प्रीमियम फ्लैट्स होंगे. इसके लिए आप एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं.रजिस्ट्रेशन के लिए फ्लैट के अनुमानित मूल्य की 05 प्रतिशत धनराशि पहले ही जमा करना होगी. आरक्षित वर्ग के लिए ये राशि 2.5 प्रतिशत रखी गई है. इसके बाद फ्लैटों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा.

शहर के अन्य क्षेत्रों से कनेक्टिविटी आसान

ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट से कुछ ही दूरी पर चारबाग रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और नाका, आलमबाग एवं अमीनाबाद जैसे महत्वपूर्ण बाजार होंगे. यहां से शहर के चारों तरफ जाने की कनेक्टिविटी बेहद आसान होगी. लोगों की व्यावसायिक जरूरतें पूरी करने के लिए अपार्टमेंट में ही कॉमर्शियल दुकानें भी बनाई जाएंगी. इस प्रोजेक्ट को 3 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

फ्लैट्स की कीमत 1.11 करोड़ रुपये रखी गई है

17,910 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले ऐशबाग स्क्वायर में कुल 04 टावर होंगे, प्रत्येक टावर 27 मंजिल का होगा. अपार्टमेंट में 03 बीएचके एवं सर्वेंट श्रेणी के कुल 384 फ्लैट हैं. साथ ही सोसाइटी में स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, पावर बैकअप, 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी दी जाएगी. फ्लैट्स की कीमत 1.11 करोड़ रुपये रखी गई है.

5 साल के भीतर आवंटियों को दिया जाएगा कब्जा

एलडीए 5 साल के भीतर आवंटियों को फ्लैट का कब्जा देने के लक्ष्य पर काम कर रही है. फ्लैट का पंजीकरण कराने के बाद आवंटियों को 36 महीने की किश्तों में पूरी धनराशि जमा करनी होगी. एलडीए योजना के दो सेक्टरों कैलाश खण्ड और काशी खंड में भी जून के लगभग 2100 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोलेगी. इसके अलावा आगरा एक्सप्रेस-वे पर कुल 2664 हेक्टेयर क्षेत्रफल में वरुण विहार योजना भी विकसित किया जाना है.

Follow Us