उरई कोतवाली बना ‘लव जोन’! महिला सिपाही और मुंशी का रोमांस वायरल; एसपी ने लिया ये एक्शन
जालौन की उरई कोतवाली में ड्यूटी के दौरान एक महिला सिपाही और मुंशी के रोमांस का वीडियो वायरल हो गया है. इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा है. पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुंशी को निलंबित कर दिया है, जबकि महिला सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच जारी है.
जालौन की उरई कोतवाली से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. इसमे ड्यूटी के दौरान एक मुंशी के साथ महिला सिपाही प्यार का इजहार और अश्लील हरकत करते नजर आ रही हैं. वहीं, अब वायरल वीडियो पर मुंशी को निलंबित कर दिया गया है, जबकि महिला सिपाही पर जांच बैठाई गई है.
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो उरई कोतवाली के कंट्रोल रूम का है. एक महिला आरक्षी, कंप्यूटर कक्ष में ड्यूटी पर तैनात मुंशी अरविंद पटेल के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करते दिखाई दे रही हैं. बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों की ड्यूटी कंट्रोल रूम में लगी हुई थी. दोनों की यह पूरी करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
उरई कोतवाली का कंट्रोल रूम बना ‘लव जोन’
सूत्रों के मुताबिक, महिला सिपाही वर्तमान में प्रशिक्षण अवधि में है और उसकी तैनाती उरई कोतवाली में की गई थी. वायरल वीडियो में कथित तौर पर महिला आरक्षी मुंशी के पास जाती हुई दिखाई दे रही है. वहीं, वीडियो में मुंशी कई बार खुद को अलग करने की कोशिश करता हुआ भी नजर आ रहा है. हालांकि, वीडियो की सत्यता जांच के बाद ही हो सकेगी.
अरविंद पटेल की वर्तमान में उरई कोतवाली में पोस्टिंग है. वह कंट्रोल रूम में कंप्यूटर पर काम कर रहा था. महिला के करीब आने पर वह खुद को असहज महसूस करते हुए कुर्सी छोड़ कर दूसरी ओर खड़ा हो जाता है, लेकिन महिला आरक्षी उसके पीछे-पीछे जाती है, जहां वह अपने प्यार का इजहार करती है. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल है.
ड्यूटी पर अनुशासनहीनता बर्दाशत नहीं- एसपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जालौन एसपी विनय कुमार सिंह ने तत्काल जांच के निर्देश दिए. प्रारंभिक जांच के दौरान मुंशी अरविंद पटेल को निलंबित कर दिया गया है. साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत विभागीय जांच कराई जा रही है, ताकि सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
एसपी विनय कुमार सिंह का कहना है कि विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या आचरण संबंधी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, यह मामला सुर्खियों में है और पुलिस अनुशासन पर गंभीर सवाल उठा रहा है.