बेतवा में नहा रहा था युवक, तभी मगरमच्छ ने किया हमला; दोस्तों के बीच से खींच ले गया शिकारी

उत्तर प्रदेश के झांसी में बेतवा नदी में एक दर्दनाक घटना हुई है. यहां एक 21 वर्षीय युवक रणवीर यादव को नहाते समय मगरमच्छ ने हमला किया और देखते ही देखते उसे गहरे पानी में खींच लिया. उसके दोस्त बेबस होकर देखते रह गए. सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम बचाव अभियान चला रही है, लेकिन नदी का तेज बहाव और मगरमच्छ की मौजूदगी रेस्क्यू में चुनौती बनी हुई है.

बेतवा नदी में शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

उत्तर प्रदेश के झांसी में बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां उफनती बेतवा नदी में दोस्तों के साथ नहाने गए 21 वर्षीय युवक रणवीर यादव पर एक मगरमच्छ ने अचानक हमला किया. जब तक वह संभल पाता, मगरमच्छ उसे अपने मजबूत जबड़ों में दबोचकर गहरे पानी में खींच ले गया. घटना के वक्त वहां मौजूद रणवीर के दोस्त बेबस होकर चीखते चिल्लाते रह गए.

यह दिल दहला देने वाली घटना झांसी के ढिकौली गांव के पास की है. बता दें कि शुक्रवार को बारिश के कारण बेतवा नदी पूरे उफान पर थी. पानी बेहद गंदा और मटमैला था. इसी पानी में छिपा बैठा मौत का शिकारी इस 21 साल का युवक रणवीर को उसके दोस्तों के सामने से मौत के मुंह में खींच ले गया. रणवीर के दोस्तों ने बताया कि सभी दोस्त एक साथ बेतवा में नहाने के लिए उतरे थे.

बेबस नजर आए दोस्त

अचानक विशालकाय मगरमच्छ ने रणवीर पर हमला बोला और संभलने का मौका दिए बिना गहरे पानी में खींच ले गया. दोस्तों ने बताया कि इस खूंखार शिकारी के आगे वह बेवश हो गए. उन्होंने खूब चीख-पुकार मचाई, लेकिन वह अपने दोस्त को बचा नहीं पाए. ​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. रेस्क्यू टीम पिछले 8 घंटे से लगातार उफनती नदी और मटमैले पानी के बीच युवक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है.

परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

चूंकि नदी में तेज बहाव है. इसके अलावा मगरमच्छ की मौजूदगी भी इस सर्च ऑपरेशन में सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है. बचाव दलों के मुताबिक अभी तक रणवीर की कोई खबर नहीं मिली है. वहीं घटना के बाद से ही नदी किनारे ग्रामीणों का हुजूम जुटा हुआ है. रणवीर के माता-पिता एवं अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

इनपुट: विवेक शर्मा, झांसी

Follow Us