कानपुर में बीएड परीक्षा के पहले ही दिन बड़ा हादसा, नाले की स्लैब धंसने से कई अभ्यर्थी गिरे

कानपुर में बीएड प्रवेश परीक्षा से पहले एक अप्रत्याशित हादसा हुआ. मकराबर्टगंज में परीक्षा केंद्र के बाहर नाले की स्लैब धंसने से कई परीक्षार्थी उसमें गिर गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद छात्रों ने तुरंत तैयारी कर परीक्षा देने पहुंचे.

बीएड परीक्षा से पहले नाले में गिरे परीक्षार्थी

कानपुर के मकराबर्टगंज इलाके में रविवार को उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया. यहां स्थित प्रो. एचएन मिश्रा पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर अचानक नाले की स्लैब धंसने से कई परीक्षार्थी उसमे गिर गए. इस अप्रत्याशित घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना में चार परीक्षार्थियों को मामूली चोटें आईं.

​बताया जा रहा है कि पहली पाली की परीक्षा शुरू होने से पहले कुछ अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के पास स्थित एक दुकान पर फोटोकॉपी कराने गए थे. इसी दौरान दुकान के सामने नाले पर रखी कंक्रीट की स्लैब अचानक भार न सह पाने के कारण टूटकर धंस गई, जिससे वहां खड़े अभ्यर्थी सीधे नाले में जा गिरे. स्थानीय लोगों ने परीक्षार्थियों को बाहर निकाला.

आनन-फानन में स्नान कर परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी 

राहत की बात यह रही कि नाले से निकलने के बाद अभ्यर्थियों ने आनन-फानन में स्नान किया और समय पर परीक्षा कक्ष में पहुंचकर अपनी परीक्षा दी. ​दूसरी ओर, जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई. इस बार छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.

परीक्षा को लेकर सुबह से ही विश्वविद्यालय परिसर में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी. प्रशासन द्वारा सुरक्षा और शुचिता को लेकर इस बार बेहद सख्त रुख अपनाया गया. केंद्रों के भीतर अभ्यर्थियों को घड़ी, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर या अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं दी गई.

परीक्षा में कुल 9,168 अभ्यर्थी ने किया आवेदन

​परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को कई स्तर की सुरक्षा जांच (मल्टी-लेयर चेकिंग) से गुजरना पड़ा. सबसे पहले सभी का बायोमैट्रिक मिलान किया गया. इसके बाद पुलिस और विश्वविद्यालय के आला अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और पहचान पत्र से उनके चेहरे का बारीकी से मिलान किया. परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया.

पहली पाली के दौरान सीएसजेएमयू के रजिस्ट्रार राकेश मिश्रा और डॉ. दिवाकर अवस्थी सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और कक्षाओं में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. ​इस वर्ष दो पालियों में आयोजित हो रही इस परीक्षा में कुल 9,168 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं. जिले में सभी केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा.

Follow Us