जाम में फंसे बिना गाजियाबाद से प्रयागराज का सफर, कानपुर में बनेगा 4 लेन एलिवेटेड रोड; इतनी आएगी लागत
उत्तर प्रदेश के कानपुर में NH-91 पर ₹988 करोड़ की लागत से 4 लेन एलिवेटेड हाईवे बनेगा. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसे मंजूरी दी है. यह कॉरिडोर गाजियाबाद से प्रयागराज की यात्रा को जाम मुक्त बनाएगा, जिससे कानपुर शहर के अंदर डेढ़ घंटे का सफर 10 मिनट में पूरा होगा.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने एनएच 91 पर गोल चौराहे से रामादेवी चौराहे तक 4 लेन एलिवेटेड हाईवे बनाने का फैसला लिया है. करीब 10 किमी लंबे इस एलिवेटेड हाईवे के निर्माण पर करीब 988.30 करोड़ रूपये खर्च होंगे. इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बजट को मंजूरी दे दी है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर गाजियाबाद से चलकर प्रयागराज की ओर जाने वाले वाहन कानपुर के जाम में फंसे बिना फर्राटा भरते हुए अपने गंतव्य पर जा सकेंगे.
खुद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस कॉरिडोर और इसके लिए बजट मंजूरी की घोषणा की. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है. बताया कि करीब 10.160 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर के बनने से शहर में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिल जाएगी. अभी मौजूद एनएच-91 पर 16 रेलवे क्रॉसिंग हैं. इसकी वजह से लंबा जाम लगता है. रही सही कसर इस हाईवे के शहर के बीच से गुजरने की वजह से पूरी हो जाती है.
शहर के ऊपर से निकल जाएगा ट्रैफिक
इस कॉरिडोर के बनने से गाजियाबाद से आकर प्रयागराज की ओर जाने वाला ट्रैफिक ऊपर ऊपर ही निकल जाएगा. इसके अलावा रामादेवी से गोल चौराहा और गोल चौराहे से रामादेवी की ओर जाने वाली लोकल ट्रैफिक भी ऊपर चली जाएगी. इससे मौजूदा सड़क पर ट्रैफिक एक चौथाई से भी कम रह जाएगा. इससे जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी. इससे लोगों का ना केवल समय और पैसा बचेगा, बल्कि प्रदूषण से भी राहत मिल जाएगी.
शहर पार करने में लग जाते हैं डेढ़ घंटे
अभी गाजियाबाद से चलकर प्रयागराज जाने के लिए कानपुर के जाम से जूझना पड़ता है. आईआईटी कानपुर से गोल चौराहे तक मेट्रो के नीचे नीचे करीब आधे घंटे तक चलना होता है. वहीं गोल चौराहे से रामादेवी तक करीब 10 किमी का सफर तय करने में डेढ़ घंटे से भी अधिक समय लगता है. एलिवेटेड कॉरिडोर बनने के बाद यह पूरा सफर महज 10 मिनट से भी कम समय में पूरा हो सकेगा. यही नहीं, रेलवे क्रॉसिंग पर रूकने की झंझट भी खत्म हो जाएगी.
एनएच 91 से सीधा कनेक्ट होगा एनएच 19
इस एलिवेटेड रोड के बनने से एनएच 91 (गाजियाबाद-कानपुर) से आने वाला ट्रैफिक कानपुर के जाम में उलझे बिना सीधा एनएच 19 (कानपुर-प्रयागराज) पर उतर सकेगा. अभी तक एनएच 91 गाजियाबाद से गोल चौराहे तक है. वहीं एनएच 19 की शुरूआत रामादेवी चौराहे से होती है. इस रोड के बनने से कानपुर शहर के औद्योगिक विकास को भी पंख लग जाएंगे. खासतौर पर यहां संचालित कंपनियों से चलने वाले भारी वाहन शहर में घुसने के बजाय शहर के ऊपर ऊपर ही दिल्ली या प्रयागराज की तरफ जा सकेंगे.