बेटे का कराया खतना, पति पर बना रही धर्मांतरण का दबाव; धर्म बचाने थाने पहुंचा युवक

कानपुर में एक अंतरधार्मिक विवाह में चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक पत्नी अपने पति पर धर्मांतरण कर इस्लाम कबूलने और बेटे का खतना कराने का दबाव बना रही है. विरोध करने पर पति के साथ मारपीट की और घर से सामान लेकर मायके चली गई है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक अजीब तरह का मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने पति के धर्मांतरण का प्रयास किया. यहां तक कि बेटे का खतना तक करा दिया है. पीड़ित पति ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई. इसके बाद महिला घर से नगदी, जेवर एवं अन्य सामान लेकर अपने मायके चली गई है. पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत देते हुए न्याय की गुहार लगाई है.

मामला कानपुर में रावतपुर का है. यहां रहने वाले विनीत कुमार ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उसका पड़ोस में ही रहने वाली एक मुस्लिम युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. चूंकि दोनों परिवारों को उनका रिश्ता मंजूर था, इसलिए दोनों ने दोनों परिवारों की मौजूदगी और रजामंदी से 26 महीने पहले शादी कर ली. शादी के समय ही तय हो गया था कि दोनों में से कोई भी एक दूसरे पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव नहीं बनाएगा.

मायके के दबाव में आई बीवी

पीड़ित पति ने पुलिस को बताया कि शुरू के कुछ दिन तक ठीक रहे, लेकिन बाद में उसकी पत्नी सानिया उसके ऊपर धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनने के लिए दबाव बनाने लगी. विरोध करने पर आए दिन उसके घर में झगड़े होने लगे. यहां तक कि उसकी पत्नी ने मायके वालों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट भी की. पीड़ित के मुताबिक इसी बीच करीब पांच महीने पहले बेटा हुआ तो उसकी पत्नी ने बेटे का खतना करा दिया है.

मुकदमे में फंसाने की धमकी

पीड़ित विनीत ने बताया कि उसकी पत्नी सानिया, ससुर और सास लगातार उसके ऊपर बच्चे का खतना कराने के लिए दबाव बना रहे थे. यहां तक कि उसके मना करने के बाद आरोपियों ने बेटे का खतना करा दिया. वहीं उसे गंभीर मुकदमे में फंसा कर जेल भिजवाने की धमकी दी है. यही नहीं, कुछ दिन पहले उसकी पत्नी रात में 1 बजे उठी और अपनी मां की मदद से घर में से 5 हजार रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी पायल, एक सोने की चेन और कीमती कपड़े लेकर मायके चली गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.