’78 लाख कमाता था पति फिर भी कहता था नौकरी करो’, कानपुर में शादी, लंदन में तलाक

कानपुर में एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां एक युवती ने अपने पति पर कानपुर में शादी और लंदन में तलाक देने का आरोप लगाया है. युवती ने कहा कि उसका पति साल के तकरीबन 78 लाख रुपए कमाता है.उसके पास टेस्ला, रेंज रोवर जैसी महंगी कारें भी हैं. फिर भी वह उसे नौकरी करने के लिए फोर्स करता था.

कानपुर में शादी, लंदन में तलाक Image Credit:

पंजाब की अदालतों में ऐसे मामलों की भरमार है, जिसमें NRI पर भारतीय लड़कियों से शादी और फिर उत्पीड़न करने का आरोप लगा है. इसी तरह का मामला कानपुर में भी सामने आया है. यहां के स्वरूप नगर निवासी युवती की शादी दिल्ली के युवक से जून 2023 में हुई थी. युवक लंदन में नौकरी करता है.

युवती के मुताबिक वर पक्ष के दबाव में रोके का फंक्शन जे डब्लू मैरियट जैसे महंगे होटल में किया गया. इसके बाद आर्य समाज से शादी करके विवाह का पंजीकरण कराया गया. फिर बहु को लेकर वार पक्ष लंदन चला गया. युवती का आरोप है कि लंदन जाने के बाद उससे नौकरी कराई गई जबकि उसका पति साल के तकरीबन 78 लाख रुपए कमाता है.उसके पास टेस्ला, रेंज रोवर जैसी महंगी कारें भी हैं.

युवती का आरोप-चप्पल और टूथब्रश भी नहीं दिया जाता

युवती का आरोप है कि उसको चप्पल और टूथब्रश भी नहीं दिया जाता था. उससे कहा जाता था कि खुद की नौकरी करके अपना सामान खुद खरीदो. उसके साथ मारपीट भी की जाती थी. उसने इसकी शिकायत भी पुलिस से की थी. इस मामले में पति को एक दिन के लिए लंदन पुलिस ने हिरासत में भी रखा था.

जैसे भारत आई युवती, पति ने डाल दी तलाक की अर्जी

युवती के वकील मनुराज सिंह और निधि सिंह ने बताया कि किसी तरह से युवती भारत वापस आई. इस बीच उसके ससुराल वालों ने लंदन की अदालत में तलाक की अर्जी डाल दी. युवती का वीजा भी निरस्त कर दिया. वकील निधि सिंह के मुताबिक अगर शादी भारत में हुई है तो उसका तलाक लंदन या किसी और देश की अदालत में नहीं हो सकता है.

कोर्ट ने मामले को एक बार मिडिएशन के लिए भेजा है

वहीं वकील मनुराज सिंह ने बताया कि कानपुर कोर्ट से लन्दन की कोर्ट को तलाक के मुकदमे में सुनवाई करने से रोकने का आदेश देने की मांग की गई है. यह मामला हाईकोर्ट जा चुका है. दरअसल, दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज होने के बाद सास और ससुर ने हाईकोर्ट का रुख किया था. फिलहाल कोर्ट ने पूरे मामले को एक बार मिडिएशन के लिए भेजा है.