रिटार्यड फौजी ने पहले पत्नी-बच्चे को उतारा मौत के घाट, फिर खुद ट्रेन से कटकर दे दी जान

कानपुर में एक रिटायर्ड फौजी ने पहले अपनी पत्नी- बच्चे को मौत के घात उतार दिया. फिर, ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी.  पुलिस की प्रारंभिक जांच में रिटायर्ड फौजी के इस खौफनाक कदम के पीछे घरेलू कलह की बात सामने आ रही है.

कानपुर फौजी ने उठाया खौफनाक कदम Image Credit:

कानपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना में रिटायर्ड फौजी ने अपनी पत्नी और 16 वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद खुद रेलवे ट्रैक पर लेटकर मालगाड़ी के नीचे कटकर आत्महत्या कर ली. यह सनसनीखेज वारदात सोमवार सुबह सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के बखरिया गांव (तुलसियापुर क्षेत्र) में हुई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है.

पुलिस के अनुसार, मृतक रिटायर्ड फौजी की पहचान चेतराम पासवान (51 वर्ष) के रूप में हुई है. उन्होंने अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से पत्नी सुनीता वर्मा (40 वर्ष) और बेटे दीप (16 वर्ष) की हत्या की. घटना के बाद चेतराम पासवान बाइक से घर से निकले और करीब तीन किलोमीटर दूर कठोगर-इमलीपुर रेलवे अंडरपास के पास रेलवे ट्रैक पर लेट गए, जहां एक मालगाड़ी से उनकी मौत हो गई.

पुलिस को पहले मिली चेतराम की लाश

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. रेलवे ट्रैक पर पड़े शव की जेब से आधार कार्ड और बाइक का नंबर मिलने पर उसकी पहचान चेतराम पासवान के रूप में हुई. पुलिस टीम तुरंत उनके घर पहुंची तो मुख्य द्वार बाहर से बंद था. आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला. पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया तो घर के अंदर सुनीता वर्मा और दीप के शव खून से लथपथ पड़े मिले. पास में ही डबल बैरल बंदूक रखी हुई थी.

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह पता चल रहा है कि चेतराम पासवान ने पहले घर में पत्नी और बेटे को गोली मारी, फिर मुख्य द्वार पर ताला लगाकर घटनास्थल से फरार हो गए और आत्महत्या कर ली. प्रथम दृष्टया इसे डबल मर्डर के बाद सुसाइड का मामला माना जा रहा है. हालांकि, इस खौफनाक कृत्य के पीछे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है. पुलिस इसे पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या किसी अन्य कारण से जोड़कर जांच कर रही है.

पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए हैं. बंदूक को जब्त कर जांच की जा रही है. पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की सही वजह का पता लगाया जा सके.