कॉलेज फीस और बहन की शादी के लिए MBA छात्र ने बेची थी किडनी, अमिताभ बच्चन के नाम पर हुआ ब्रेनवॉश
कानपुर किडनी कांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. एक एमबीए छात्र ने आर्थिक तंगी के कारण कॉलेज फीस और बहन की शादी के लिए अपनी किडनी बेची. रैकेट ने उसे प्रेमानंद महाराज और अमिताभ बच्चन का उदाहरण देकर ब्रेनवॉश किया था. पुलिस मामले की जांच कर रही है और रैकेट में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में सनसनीखेज किडनी कांड में रोज नए खुलासे हो रहे है. इस किडनी रैकेट के शिकार एमबीए छात्र आयुष ने कई बड़े खुलासे किए हैं. आयुष मूल रूप से समस्तीपुर बिहार का रहने वाला है और देहरादून से एमबीए की पढ़ाई कर रहा था. पुलिस की पूछताछ में पीड़ित छात्र ने इस रैकेट का काला सच उजागर किया है. बताया कि इस रैकैट में शामिल लोग कैसे अपने शिकार को जाल में फंसाते हैं.
पीड़ित ने बताया कि उसके पिता का देहांत हो चुका है. घर में बुजुर्ग मां और बहन है. आर्थिक तंगी की वजह से एमबीए की फीस का जुगाड़ करना और बहन की शादी के लिए पैसे की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती थी. इसी बीच एक आदमी के जरिए वह किडनी रैकेट के संपर्क में आया. उसे किडनी डोनेट करने के लिए यहां देहरादून से बुलाया गया था. यहां पर उसका प्रेमानंद महाराज और अमिताभ बच्चन के नाम से ब्रेन वॉश किया. इसके बाद वह किडनी डोनेट करने के लिए तैयार हुआ.
ऐसे किया ब्रेनवॉश
पीड़ित छात्र ने बताया कि वह किडनी डोनेट करने में डर रहा था. ऐसे में आरोपियों ने प्रेमानंद महाराज का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी दोनों किडनी खराब है. फिर भी चल फिर रहे हैं. अमिताभ बच्चन की भी फिल्म कुली की शूटिंग के दौरान एक किडनी खराब हो गई थी. बावजूद इसके, वह आज भी काम कर रहे हैं. इस प्रकार से ब्रेन वॉश के बाद आयुष ने किडनी डोनेट की सहमति दे दी थी. लेकिन बाद में पैसे को लेकर बात बिगड़ गई.
साढ़े नौ लाख में हुई फाइनल डील
आयुष के मुताबिक आरोपी उसे पहले पांच लाख रुपए दे रहे थे, उसने मना किया तो रकम बढ़ा कर 9.5 लाख रुपए कर दी गई. इसके बाद उसको उसी आहूजा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके संचालक अब पुलिस की गिरफ्त में है. डीसीपी कासिम आब्दी ने बताया कि आयुष को हैलेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डीसीपी के मुताबिक फिलहाल पूरे मामले की सघन जांच चल रही है और जल्द ही रैकेट में शामिल अन्य आरोपियों को अरेस्ट किया जाएगा.