तीन बच्चों की मां से मिलने पहुंचा युवक, परिजनों ने पकड़कर रातभर पीटा; पुलिस को बुलानी पड़ी फोर्स
कानपुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. तीन बच्चों की मां से मिलने पहुंचे 25 साल के युवक को परिजनों ने बंधक बना लिया. इसके बाद रातभर उसकी पिटाई की गई. यहां तक कि युवक को छुड़ाने पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा.
कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक विवाहिता से मिलने पहुंचे 25 साल के युवक को परिजनों ने बंधक बना लिया. आरोप है कि युवक को घर में बंद कर पूरी रात पीटा गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद विवाहिता खुद युवक के घर पहुंची और उसके परिजनों को पूरी बात बताई. इसके बाद वह युवक के परिवार के साथ थाने पहुंच गई और पुलिस से उसे छुड़ाने की मांग की.
मामला सामने आते ही पुलिस गांव पहुंची, लेकिन युवक को थाने ले जाने की कोशिश पर ग्रामीण और उसके परिजन भड़क गए. ग्रामीणों की मांग थी कि महिला को भी मौके पर बुलाया जाए और उसके सामने ही कार्रवाई की जाए. इसके बाद पुलिस को हालात संभालने के लिए सर्किल फोर्स बुलानी पड़ी, फिर जाकर युवक को वहां से निकाला गया.
शादी समारोह में हुई थी दोनों की मुलाकात
बताया जा रहा है कि करीब 38 वर्षीय महिला तीन बच्चों की मां है. कुछ समय पहले एक शादी समारोह के दौरान उसकी पहचान 25 साल के युवक से हुई थी. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में उनकी नजदीकियां बढ़ गईं. सोमवार शाम महिला युवक से मिलने के लिए घर से निकल गई. बताया गया कि उसने युवक को भी मिलने बुलाया था.
युवक ई-रिक्शा से उसके बताए स्थान की ओर जा रहा था, लेकिन रास्ते में किराये को लेकर चालक से उसका विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि वह महिला के बताए स्थान तक पहुंच ही नहीं सका. इधर, महिला के घर से गायब होने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए. इसी दौरान उनकी नजर युवक पर पड़ गई.
युवक को थाने ले जाने पर गांव में हंगामा
आरोप है कि इसके बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले गए और वहां बंद कर दिया. युवक के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है. बाद में महिला युवक के घर पहुंची और उसके परिजनों को पूरी जानकारी दी. फिर पुलिस को सूचना मिलने पर एक टीम गांव पहुंची, लेकिन युवक को ले जाने को लेकर विरोध शुरू हो गया.
काफी देर तक पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी होती रही. हालांकि, सर्किल फोर्स के आने के बाद युवक को छुड़ा लिया गया. युवक को थाने ले जाया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है. दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है. तहरीर और बयान मिलने के बाद आरोपों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
