‘सिपाही था तो शादी का वादा किया, SI बनते ही मुकर गया’… पीड़ित युवती पहुंची DCP दफ्तर
कानपुर में एक युवती ने नव-चयनित दरोगा पर धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता का दावा है कि जब वह सिपाही था तो शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए. अब SI बनते ही आरोपी का रवैया बदल गया और उसने शादी से इनकार कर दिया. पीड़िता ने DCP से न्याय की गुहार लगाई है.
कानपुर में सिपाही से दरोगा बने एक युवक पर शादी का भरोसा देकर धोखा देने का आरोप लगा है. युवती का कहना है कि युवक और उसके परिवार ने पहले शादी का भरोसा देकर मामला शांत कराया था, लेकिन युवक के SI बनने के बाद अब शादी से साफ इनकार किया जा रहा है. पीड़िता ने DCP कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है.
मंधना-बगदौधी बांगर की रहने वाली युवती के मुताबिक, साल 2020 में जब वह 15 साल की थी, तब बिल्हौर निवासी (नव-चयनित SI) अश्वनी चौहान ने उसे कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाया और शादी का भरोसा दिया. युवती ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान उसकी इच्छा के खिलाफ उसके साथ आरोपी युवक की ओर से शारीरिक संबंध भी बनाए गए.
दरोगा बनने के बाद युवक का रवैया बदल गया
पीड़िता के मुताबिक, जब परिवार को इस रिश्ते और घटना की जानकारी हुई तो आरोपी के माता-पिता और भाइयों ने मामले को संभालने की कोशिश की. युवक के परिवार ने पीड़ित पक्ष को भरोसा दिया कि युवती के बालिग होने के बाद दोनों की शादी करा दी जाएगी. पीड़िता का कहना है कि इसी भरोसे के बाद उस समय परिवार ने आगे कोई कार्रवाई नहीं की.
वहीं, इसके बाद अश्वनी चौहान उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हो गया. उसकी तैनाती अमेठी में रही. हाल ही में उसका चयन उपनिरीक्षक यानी SI के पद पर हुआ. युवती का आरोप है कि पद मिलने के बाद आरोपी और उसके परिवार का रवैया बदल गया. अब युवक और उसके परिवार वाले ने शादी करने से साफ इनकार कर रहे हैं.
घर पहुंचकर युवती के अपहरण, जान की धमकी
शिकायत में युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि मार्च 2026 और 30 जून 2026 को आरोपी के परिजन उसके घर पहुंचे. वहां कथित तौर पर उसके साथ जातिसूचक गालियां दी गईं और शादी से इनकार किया गया. युवती के मुताबिक, विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने पर उसकी बेटी के अपहरण और जान से मरवाने की धमकी भी दी गई.
पीड़िता का कहना है कि 30 जून की घटना के बाद उसने बिठूर थाने में शिकायत दी थी. आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करने के बजाय उसे आज-कल का भरोसा देकर टाल दिया. अब युवती ने DCP से पूरे मामले में FIR दर्ज कर जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने पूरे मामले में जांच की बात कही है.