कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 ने पकड़ी रफ्तार, 4 स्टेशनों के 8 प्लेटफॉर्म की ढलाई पूरी

कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. बर्रा-8 और शास्त्री चौक स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म लेवल की ढलाई पूरी हो गई है. अब कुल 4 एलिवेटेड स्टेशनों के 8 प्लेटफॉर्म तैयार हैं. जल्द ही मेट्रो संचालन के लिए आवश्यक प्रणालियों की स्थापना भी शुरू होगी.

कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2: 4 स्टेशनों के 8 प्लेटफॉर्म तैयार

कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) के अंतर्गत दो हिस्सों में बन रहे लगभग 4.50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन पर मेट्रो स्टेशनों के सिविल ढांचे तेजी से आकार लेने लगे हैं. इसी क्रम में कानपुर मेट्रो ने उक्त सेक्शन के दो स्टेशनों; बर्रा-8 और शास्त्री चौक, पर प्लेटफॉर्म लेवल की ढलाई का कार्य पूरा कर लिया है.

इससे पहले जून 2026 में ही विजय नगर और बर्रा-7 स्टेशनों के प्लेटफॉर्म लेवल की ढलाई पूरी की गई थी. इसके साथ ही अब तक कुल चार स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म लेवल की ढलाई का कार्य पूरा किया जा चुका है. इन चारों एलिवेटेड स्टेशनों पर दो-दो प्लेटफॉर्म का प्रावधान है. इस प्रकार, अब तक कुल आठ प्लेटफॉर्म की ढलाई पूरी की जा चुकी है.

अब तकनीकी कक्षों का काम शुरू

प्लेटफॉर्म लेवल का कार्य पूरा होने के साथ ही इन 4 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों के कॉनकोर्स लेवल पर तकनीकी कक्षों का निर्माण भी प्रारंभ हो चुका है. उल्लेखनीय है कि मेट्रो स्टेशनों पर सिग्नलिंग, टेलीकॉम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम से संबंधित तकनीकी कक्ष तैयार किए जाते हैं, जो मेट्रो संचालन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं.

इन तकनीकी कक्षों का निर्माण पूरा होते ही मेट्रो संचालन के लिए आवश्यक विभिन्न तकनीकी प्रणालियों एवं उपकरणों को स्थापित करने का कार्य भी शुरू किया जाएगा. इसके अलावा, जल्द ही इन स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म की छत के लिए प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (पीईबी) स्ट्रक्चर के परिनिर्माण का कार्य भी आरंभ कर दिया जाएगा.

4.50 KM लंबे एलिवेटेड मेट्रो सेक्शन का निर्माण

कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) के अंतर्गत लगभग 4.50 किमी लंबे एलिवेटेड मेट्रो सेक्शन का निर्माण दो हिस्सों में – सीएसए से कॉरिडोर-2 डिपो रैंप तक और डबल पुलिया रैंप से बर्रा-8 तक, किया जा रहा है. इस एलिवेटेड सेक्शन में कुल पांच स्टेशन; एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, विजय नगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8 होंगे.

कॉरिडोर-2 में इस एलिवेटेड सेक्शन के अलावा तीन स्टेशनों; रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया, वाला लगभग 4.10 किमी लंबा अंडरग्राउंड सेक्शन भी है. काम में तेजी आने के बाद अब जल्द से जल्द पूरे कॉरिडोर पर मेट्रो सेवा बहाल करने की तैयारी है.

Follow Us