बर्थडे पार्टी के लिए थे 500 रुपए, दोस्त ने वापस मांगा उधार तो चाकू घोंपकर ले ली जान
कानपुर देहात अमराहट थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी गौरव ने कुछ समय पहले अपने जन्मदिन के खर्च के लिए अपने ही दोस्त सत्यम से 500 रुपये उधार लिए थे. सत्यम ने जब गौरव से उधार दिए हुए 500 वापस मांगा तो उसने आपा खो दिया. फिर पास रखे चाकू से सत्यम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घायल अवस्था में सत्यम को अस्पताल ले जाया गया. वहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह के दौरान उस समय सनसनी फैल गई, जब मामूली रकम के विवाद में एक किशोर ने अपने ही दोस्त पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है.
जन्मदिन की उधारी बनी जान की दुश्मन
अमराहट थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी गौरव ने कुछ समय पूर्व अपने जन्मदिन के खर्च के लिए अपने ही दोस्त सत्यम से 500 रुपये उधार लिए थे. सत्यम पिछले कई दिनों से अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन गौरव बार-बार नई तारीख दे रहा था. सिकंदरा के एक गेस्ट हाउस में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में दोनों का आमना सामना हुआ. सत्यम ने जब दोबारा अपने 500 रुपये मांगे, तो गौरव ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया.
मृतक और आरोपी एक ही गांव के
विवाद तब और बढ़ गया जब सत्यम ने गौरव की शिकायत उसके घर वालों से करने की बात कही. इससे आक्रोशित होकर गौरव ने आपा खो दिया और पास रखे चाकू से सत्यम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. खून से लथपथ सत्यम को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. दोनों ही किशोर एक ही गांव (महेशपुर) के रहने वाले थे, जिससे गांव में भी तनाव का माहौल है. दोनो की उम्र करीब 15 वर्ष है.
आरोपी की तलाश की जा रही है
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (CO) प्रिया सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है. मुख्य आरोपी की तलाश और साक्ष्य जुटाने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं.
